दल्ली राजहरा – राजहरा के निवासियों के लिए गर्व और खुशी का क्षण है, क्योंकि नगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का रास्ता अब साफ हो गया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय मुख्य रूप से राजहरा व्यापारी संघ के नेतृत्व में किए गए आंदोलन और नगर के सामाजिक संगठनों एवं ट्रेड यूनियन के सहयोग को जाता है। इन सभी के सामूहिक प्रयासों ने राजहरा में केंद्रीय विद्यालय खोलने के वर्षों पुराने सपने को लगभग साकार कर दिया है।

बुधवार को रायपुर से आई टीम ने केंद्रीय विद्यालय के लिए स्थल निरीक्षण किया। यह निरीक्षण दल्ली से डौंडी मार्ग पर गोटूलमुंडा के पास स्थित 4 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर किया गया, जिसे विद्यालय के लिए प्रस्तावित किया गया है। निरीक्षण के दौरान रायपुर संभाग के सहायक आयुक्त विवेक चौहान, बीएमवाय चरोदा की प्रिंसिपल प्रभा मिंज, एसडीएम आरके सोनकर, तहसीलदार हिंसाराम नायक, उपसरपंच अनिल मिश्रा, व्यापारी संघ के प्रतिनिधि अशोक लोहिया, रमेश मित्तल, अजय अग्रवाल और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

केंद्रीय विद्यालय के अस्थाई संचालन हेतु बीएसपी स्कूल नंबर दो का भी निरीक्षण किया गया, ताकि भवन निर्माण पूरा होने तक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

  1. व्यापारी संघ ने किया आभार व्यक्त

राजहरा व्यापारी संघ ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रयास करने पर सांसद भोजराज नाग, भाजपा जिला अध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम और तहसीलदार का आभार व्यक्त किया है। व्यापारी संघ ने इसे नगरवासियों की लंबी मेहनत और समर्थन का परिणाम बताया है और सभी राजहरावासियों के प्रति आभार प्रकट किया है।

हाई मास्क लाइट और पेयजल सुलभता में भी व्यापारी संघ का योगदान

केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के अलावा, नगर की सुविधाओं में सुधार हेतु भी व्यापारी संघ सक्रिय है। व्यापारी संघ के प्रयासों से नगर के प्रमुख चौकों – पुराना बाजार चौक, पेट्रोल पंप चौक, बस स्टैंड चौक और श्रमवीर चौक में क्रेडा द्वारा हाई मास्क लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, संघ ने नगर के सभी वार्डों में पेयजल सुलभ कराने के लिए कलेक्टर से मांग की थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए तत्काल सीएमओ को निरीक्षण और प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके फलस्वरूप, बीएसपी का पेयजल अब सभी वार्डों में उपलब्ध होगा।

राजहरा के नागरिकों के प्रयास और संघ की पहल के कारण आज नगर में विकास की नई लहर आ रही है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और अन्य जनसुविधाओं के कार्यों ने नगरवासियों को उत्साहित कर दिया है, और राजहरा के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जा रही है।

 

Spread the love
News Desk

By News Desk

hamaradallirajhara.in "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

error: Content is protected !!