
दल्ली राजहरा
शुक्रवार 27 फरवरी 2026
भोजराम साहू 9893 765541
विगत दिनों नईदिल्ली स्थित संचार भवन में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग की विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जन -जन तक पहुंचाने में छत्तीसगढ़ दल्लीराजहरा के उपडाकपाल जयकुमार जायसवाल को उत्कृष्ट योगदान और उनकी कर्मठता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

योजनाओं को धरातल पर उतारने में अग्रणी जयप्रकाश जायसवाल अपने कार्य क्षेत्र में एक मृदुभाषी और संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने विगत वर्षों में सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा और डिजिटल बैंकिंग जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।उनकी इसी सक्रियता और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें देश भर के चुनिंदा उत्कृष्ट कर्मचारियों के साथ इस गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
समीक्षा बैठक में साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव –
कार्यक्रम के दौरान संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विभागकी प्रगति और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। जायसवाल ने भी छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में डाक सेवाओं के विस्तार और तकनीकी सुधारों को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।इस अवसर पर डाक महानिदेशक सचिव(भारतीय डाक) सहित विभाग के समस्त वरिष्ठ अधिकारी और देश भर से आए कर्मठ कर्मचारी उपस्थित थे।

इस उपलब्धि पर दल्लीराजहरा और संपूर्ण छत्तीसगढ़ के डाक परिवार में हर्ष की लहर है।उनकी इस सफलता ने यह सिद्ध किया है कि यदि निष्ठा और मृदुभाषी व्यवहार के साथ कार्य किया जाए,तो वह सेवा ही वास्तविक सम्मान का मार्ग प्रशस्त करती है।




