दल्ली राजहरा रविवार 16 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का अमृत महोत्सव गांधी विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। शनिवार 15 अगस्त को विद्यालय परिसर तिरंगे की शान और बच्चों की देशभक्ति से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा की देवी मां सरस्वती एवं स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर पूजा-अर्चना कर की गई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री मनोज दुबे और शाला संचालन समिति के अध्यक्ष श्री युवराज साहू एवं प्राचार्या श्रीमती मंजू गुप्ता ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद बच्चों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।

 

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य, प्रेरणादायक कविता और भाषण प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शाला संचालन समिति अध्यक्ष युवराज साहू ने छात्रों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी कठिन संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेकर छात्र अच्छे से पढ़-लिखकर राष्ट्रहित में अपना योगदान दें।

 

मुख्य अतिथि मनोज दुबे ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के ऐतिहासिक योगदान से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के विकास में अपना अधिक से अधिक योगदान देना ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विशेष अतिथि पूर्व पालिका उपाध्यक्ष बिहारी लाल ठाकुर ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि आज बच्चों को पढ़ाई के लिए हर सुविधा मिल रही है। उन्होंने “घर-घर तिरंगा” महाअभियान का जिक्र करते हुए सभी से अपने घरों में ध्वजारोहण कर देश का गौरव बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधी विद्या मंदिर देश के लिए डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, उद्योगपति और सैनिक तैयार करता रहा है।

 

कार्यक्रम में व्यवस्थापक लैलन साहू, पालक शिक्षा समिति अध्यक्ष राखी देवांगन, सदस्य सुनीता साहू, शिक्षक प्रदीप बंसोड़े, एल.के. धलेंद्र, खोमलाल बघेल, शीतल साहू, दिलेश्वरी साहू, पूजा साहू, प्रभा मानिकपुरी, रश्मि भारद्वाज, प्रीति साहू, अमीषा कुलदीप, कुलेश्वरी साहू, शालिनी सुखदेवे, अनीशा भास्कर, रुखसार सहित अन्य शिक्षकगण, पालक और हेमलता बाई, मोहिनी बाई, पुष्पा बाई जैसे स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

कार्यक्रम का सफल संचालन एल.के. धलेंद्र सर ने किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!