दल्ली राजहरा बुधवार 09 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू एवं पालक-शिक्षक समिति अध्यक्ष टिकेश्वर साहू ने प्राचार्य व संचालक को भेंट किया पौधा, कहा – गुरु के साथ प्रकृति का सम्मान भी जरूरी ।
 भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात शिक्षाविद् भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के पावन अवसर पर 5 सितंबर को दल्लीराजहरा स्थित लिटिल बर्ड अकैडमी में शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस बार समारोह की सबसे खास बात यह रही कि शिक्षकों के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी अनुपम संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में गुरु वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को गरिमामय बना दिया।

 

पौधा भेंट कर दिया हरित भविष्य का संदेश

 

इस शुभ अवसर पर क्षेत्र के सुप्रसिद्ध पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू एवं पालक-शिक्षक समिति के अध्यक्ष टिकेश्वर साहू ने एक अनूठी पहल करते हुए विद्यालय की प्राचार्य विजिया खान एवं संचालक शेख नबी खान को उपहार स्वरूप पौधा भेंट किया। पौधा भेंट कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।

प्रदीप साहू ने कहा कि जिस प्रकार शिक्षक हमें ज्ञान देकर जीवन को सींचते हैं, उसी प्रकार एक पौधा हमें प्राणवायु देकर जीवन देता है। इसलिए शिक्षक दिवस पर गुरु के साथ प्रकृति का सम्मान भी जरूरी है। यदि हर सम्मान समारोह में बुके की जगह पौधा भेंट करने की परंपरा शुरू हो जाए तो यह धरती फिर से हरी-भरी हो जाएगी।

 

डिजिटल शिक्षा के सुरक्षित उपयोग पर मार्गदर्शन

 

स्कूल समिति द्वारा विद्यालय में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चों को आधुनिक समय में शिक्षा के बदलते स्वरूप पर विस्तार से बताया गया। उन्हें डिजिटल शिक्षा के महत्व, उसके सुरक्षित एवं सकारात्मक उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल शिक्षा समय की मांग है, लेकिन उसका उपयोग संस्कार और सुरक्षा के साथ होना चाहिए।

साथ ही बच्चों को पर्यावरण से संबंधित शिक्षा देते हुए बताया गया कि पर्यावरण ही जीवन है और इसकी रक्षा करना हर विद्यार्थी का कर्तव्य है।

 

ये रहे उपस्थित

 

इस गरिमामय कार्यक्रम में पालक-शिक्षक समिति के सभी सदस्यगण, प्रेस मीडिया से वरिष्ठ पत्रकार  बीरेन्द्र भारद्वाज, नरेन्द्र , खोबरागडे सुमित जैन, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्कूल वैन चालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की अमूल्य भूमिका को नमन करते हुए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए किया गया।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!