दल्ली राजहरा बुधवार 30 सितंबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 

 गणेश विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित विसर्जन को लेकर पुलिस की सतत निगरानी के बीच 09 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए गए हैं, वहीं खतरनाक धारदार कड़े-चूड़े पहनकर शामिल हुए युवकों से उन्हें उतरवाकर जब्त किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में की गई।

रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक चली शोभायात्रा
मंगलवार रात्रि लगभग 09:00 बजे से प्रारंभ हुई गणेश विसर्जन शोभायात्रा बुधवार प्रातः लगभग 04:00 से 05:00 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न गणेश समितियों द्वारा गणेश प्रतिमाओं एवं झांकियों के साथ भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई।
पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा पूरी यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी गई।

डीजे साउंड सिस्टम पर सख्ती
शोभायात्रा के दौरान पुलिस टीमों द्वारा डीजे साउंड सिस्टम एवं ध्वनि स्तर की लगातार निगरानी की गई। निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 09 डीजे साउंड सिस्टम जब्त किए। जब्त डीजे के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
धारदार कड़े-चूड़े बने खतरा, पुलिस ने उतरवाए
शोभायात्रा में शामिल युवकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीमों द्वारा जांच की गई। इस दौरान कुछ युवकों के हाथों में धारदार कड़े-चूड़े पाए गए। भीड़भाड़ वाले वातावरण में किसी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद अथवा चोट की संभावना को रोकने के लिए पुलिस द्वारा ऐसे धारदार कड़े-चूड़े तत्काल उतरवाकर जब्त किए गए।

हर मार्ग पर रही पुलिस की नजर
गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान बालोद पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था। मार्ग में आने वाले विद्युत तारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं अन्य संभावित सुरक्षा जोखिमों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस की सतत मौजूदगी और प्रभावी व्यवस्था के कारण पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

बालोद पुलिस की आमजन से अपील
– धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों एवं ध्वनि मानकों का पालन करें।
– डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमों के अनुरूप करें।
– शोभायात्रा में किसी भी प्रकार की धारदार वस्तु साथ न रखें।
– भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम एवं अनुशासन बनाए रखें।
– विद्युत तारों एवं अन्य संभावित जोखिमों से दूरी बनाए रखें।
– किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!