दल्ली राजहरा सोमवार 09 नवंबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

डौंडी तहसील के अंतर गत आड़ेझर गांव में पारिवारिक विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के झगड़े को शांत कराने आए 65 वर्षीय बुजुर्ग की ही कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मामला थाना महामाया क्षेत्र के ग्राम आड़ेझर का है। दिनांक 07 नवंबर 2026 की रात आरोपी सुखुराम मंडावी, पिता मंगतू मंडावी, उम्र 45 वर्ष अपनी पत्नी पवन बाई मंडावी से पारिवारिक बातों को लेकर विवाद कर रहा था। घर में हो रहे शोरगुल को सुनकर उसके मामा ससुर रतिराम नेताम, पिता स्वर्गीय मोहन नेताम, उम्र 65 वर्ष मौके पर पहुंचे।

उन्होंने दोनों को समझाते हुए कहा कि तुम लोग आए दिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद करते हो, यह ठीक नहीं है। बस यही समझाइश आरोपी को नागवार गुजरी।

 

आवेश में आकर बोला – आज तुम्हें खत्म कर दूंगा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी अचानक आक्रोशित हो गया और बोला, तुम मुझे रोकने-टोकने वाले कौन होते हो, आज तुम्हें जान से खत्म कर दूंगा। इतना कहते ही उसने घर में रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) उठाई और रतिराम नेताम के सिर पर जोरदार वार कर दिया।

सिर में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस से उन्हें शासकीय अस्पताल डौण्डी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की रिपोर्ट प्रार्थी सूरज मंडावी, पिता बंशुराम मंडावी, उम्र 25 वर्ष निवासी आड़ेझर ने थाना महामाया में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर थाना महामाया में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन और सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई।
पुलिस ने चंद घंटों में ही आरोपी सुखुराम मंडावी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टंगिया) भी जप्त कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल बालोद भेज दिया गया है।

 

पुलिस की अपील
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों को बातचीत और समझाइश से सुलझाएं। गुस्से में उठाया गया एक कदम पूरे परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है। विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें, पुलिस की सहायता लें।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!