दल्ली राजहरा गुरुवार 13 नवम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541
खेलते-खेलते पटाखा चबा लिया, मसूड़े से रुक नहीं रहा था खून, डॉक्टरों ने खून भी चढ़ाया पर मासूम को बचा नहीं सके ।

 

दिवाली की खुशियां सीतापुर थाना क्षेत्र के बनेया गांव के एक किसान परिवार के लिए जीवनभर का गम बन गईं। खेलते-खेलते 2 साल के मासूम आदित्य ने लहसुन (पॉप-पॉप) पटाखा मुंह में रखकर चबा लिया। पटाखा मुंह के अंदर ही फट गया। इससे उसके मसूड़े में गहरी चोट लगी और खून बहने लगा, जो फिर रुका ही नहीं। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

 

मां गायत्री ने बताया कि दिवाली की सुबह बच्चे घर के आंगन में पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान आदित्य जमीन पर पड़े पटाखे के पैकेट से खेल रहा था। उसने एक पटाखा उठाकर मुंह में रख लिया और चबा लिया। देखते ही देखते पटाखा मुंह में फट गया। मुंह से खून निकलता देख परिजनों के होश उड़ गए।

 

परिजन तुरंत उसे लेकर सीतापुर अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे घर ले आए। कुछ देर बाद दोबारा मुंह से खून निकलने लगा। परिजन फिर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया।

 

अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में आदित्य को भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे खून भी चढ़ाया, लेकिन मुंह से लगातार खून बहता रहा। डॉक्टरों के मुताबिक पटाखे से निकले पत्थर के कारण मसूड़े में चोट लगी थी, जिससे लगातार ब्लीडिंग हो रही थी। तमाम कोशिशों के बाद भी मासूम को बचाया नहीं जा सका।

 

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है। पिता इंद्रजीत मांझी पेशे से किसान हैं। उन्होंने दिवाली पर घर के बच्चों के लिए लहसुन पटाखे लाए थे। उन्हें क्या पता था कि यही पटाखा उनके लाल की जान ले लेगा।

 

ये खबर सिर्फ खबर नहीं, एक चेतावनी है –

 

छोटे बच्चों को पटाखों से दूर रखें। लहसुन पटाखा देखने में छोटा और हानिरहित लगता है, लेकिन छोटे बच्चे के लिए ये जानलेवा हो सकता है। दिवाली की खुशी में एक पल की लापरवाही किसी परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ सकती है।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

error: Content is protected !!