दल्ली राजहरा मंगलवार 10 नवंबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 

छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, परंपरा की गूंज और आस्था की अलौकिक शक्ति, ये सब एक साथ देखना हो तो दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 2, आजाद नगर के रामनगर चौक आइए। यहां छत्तीसगढ़ी परंपरा को संजोकर विगत 61 वर्षों से गौरी-गौरा उत्सव मनाया जा रहा है।

 

 

दल्ली राजहरा में हर वार्ड में गौरी-गौरा उत्सव होता है, लेकिन रामनगर चौक का उत्सव सबसे पुराना और सबसे जीवंत है। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी से शुरू होने वाला यह उत्सव वास्तव में छत्तीसगढ़ परंपरा का जीवंत उदाहरण है, जहां ईश्वर राजा गौरा और गौरी के 5 दिन के विवाह, गौरा जगाने की परंपरा और विसर्जन का अनोखा संगम देखने को मिलता है।

 

जब खदान बसी, तब परंपरा भी साथ आई

 

जब दल्ली राजहरा में लौह अयस्क खदान में खनन का कार्य शुरू हुआ, तब आसपास के गांवों में रहने वाले छत्तीसगढ़ी परिवार काम की तलाश में दल्ली राजहरा आए। वे अपने साथ सिर्फ सामान नहीं लाए, अपनी संस्कृति, अपने देवता और अपनी परंपराएं भी लेकर आए। उन्हीं लोगों ने दल्ली राजहरा के विभिन्न चौक-चौराहों पर गौरा चंवरा का निर्माण किया और छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुसार भगवान शंकर और मां पार्वती के विवाह का पारंपरिक त्यौहार गौरी-गौरा उत्सव के रूप में मनाने लगे।

 

धरती के पहले राजा-रानी का विवाह है गौरी-गौरा

 

शिव-पार्वती का विवाह महाशिवरात्रि को माना जाता है, लेकिन गौरी-गौरा का विवाह दिवाली में मनाया जाता है। इसका कारण बहुत गहरा है।

 

किंवदंती है कि महादेव के शिव के रूप में अवतार लेने से पहले ईश्वर राजा के रूप में धरती पर अवतरित हुए थे। ईश्वर राजा गौरा और रानी गौरा इस धरती के सबसे पहले राजा-रानी थे, जिन्होंने इस सृष्टि में सबसे पहले विवाह रचाया था।

 

लोकमान्यता और वायरल वीडियो के अनुसार ईश्वर राजा मरकाम गोत्र के थे, धमधा गढ़ गांव के रहने वाले और रानी गौरा नेताम गोत्र की थीं, लांजी गांव की। आज भी गोंडवाना समाज में ईश्वर राजा और गौरा रानी के विवाह के माध्यम से मरकाम और नेताम गोत्र के विवाह की परंपरा को दर्शाया जाता है। गोंड समाज मूल रूप से महादेव को ईश्वर राजा गौरा और मां पार्वती को गौरी के रूप में पूजता है। यही गोंड समाज का मूल देव है, जिसे आज पूरा छत्तीसगढ़ स्वीकार कर गौरी-गौरा उत्सव मनाता है।

 

5 दिन का उत्सव, 5 दिन की भक्ति

 

पांच दिवसीय यह त्यौहार मन में उमंग, उत्साह और कौतूहल को जन्म देता है।

 

रामनगर चौक में दीपावली के 5 दिन के त्यौहार में द्वादशी के दिन गौरी-गौरा उत्सव की शुरुआत छोटे-छोटे बच्चों द्वारा मुसर, पौराणिक धान से चावल निकालने के औजार ) से देशी अंडे फोड़ने की परंपरा से की जाती है। उसके बाद मोहल्ले की माताएं गौरी-गौरा का श्रृंगार गीत गाती हैं, गौरा गौरी को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार महिलाएं गौरा जागे मोर गौरी जागे, एक पत्री रहनी बैनी गीत गाकर जगाती हैं। द्वादशी, त्रयोदशी, चतुर्दशी तक यह परंपरा लगातार चलती है।

 

महालक्ष्मी पूजा, दीपावली की रात में युवाओं के द्वारा मिट्टी से भगवान शिव व माता पार्वती की मूर्ति बनाई जाती है। जिसमें ईश्वर राजा नंदी पर तथा मां पार्वती कछुआ पर सवार होती हैं। दोनों मूर्तियों को अलग-अलग लकड़ी से बने पाटा पर चंदनी गोंदा फूल, धान की बाली, मेमरी, सीलहोटी आदि से सजाकर कलश के साथ पूरे मोहल्ले में घुमाया जाता है। लोगों द्वारा जगह-जगह रोककर गौरी-गौरा की बड़े श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा-अर्चना करते हुए गौरी-गौरा तथा कलश के साथ लोग राजहरा बाबा तालाब पहुंचकर विसर्जन करते हैं।
इस दौरान कई भक्त जनों के द्वारा कलश लेकर जा रहे बालिकाओं को फल शरबत रुपया नगद रुपया आदि भेंट की जाती है ।

 

 

देव आना ढकोसला नहीं, अलौकिक शक्ति है

 

लोगों के मन में आशंका रहती है कि देव आना एक ढकोसला है। लेकिन यह सब पूजा स्थल पर पहुंचकर देखने से पता चलता है। जब लोग गौरी-गौरा उत्सव के बाजे की धुन पर अपने आप झूमने लगते हैं। प्रतिदिन लोगों का इस तरह से देव आना और देव उतर जाने के बाद उनसे पूछना कि तुम्हारे साथ क्या हुआ, तो उनका अनभिज्ञता जताना, यह सभी अलौकिक शक्ति को दर्शाता है।

 

गैस की रोशनी से शुरू हुई परंपरा, आज भी वैसी ही

 

रामनगर चौक में गौरी-गौरा उत्सव की शुरुआत स्वर्गीय उजियार बैगा और स्वर्गीय गणेश राम निर्मलकर ने की थी। उस समय आज की तरह बिजली व्यवस्था नहीं होती थी। मिट्टी तेल के गैस से रोशनी की जाती थी। मिट्टी से गौरा चंवरा का निर्माण हर साल होता था, क्योंकि बरसात में गौरा चंवरा पूरी तरह बह जाता था।

 

आज भी अपने दादा-दादी और नाना-नानी के द्वारा शुरुआत की गई उस परंपरा को रामनगर चौक की युवा पीढ़ी जारी रखे हुए है। इस परंपरा को बनाए रखने में बुजुर्गों और महिलाओं का पूरी तरह से योगदान है। आज भी उसी अंदाज में गौरी-गौरा उत्सव मनाया जाता है।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!