दल्ली राजहरा रविवार 26 जुलाई 2026 भोजराम साहू 9893 765541
संडे मेगा स्टोरी के 48 में अंक में आज रविवार 26 जुलाई 2026 को पढ़िए सरकार के द्वारा जारी विभिन्न मीडिया के माध्यम से जानकारी के सहयोग से तैयार की गई साइबर अपराध और डिजिटल अपराध के संबंध में बनाई गई एक जानकारी है । जिसे यदि आप पूरी तरह से सजग रहकर अपनाते हैं और अन्य लोगों में भी आप इस जानकारी को फैलाते हैं तो हो सकता है आपके और उनके द्वारा मेहनत से कमाई गई लाखों करोड़ों की राशि लूटे जाने से बच सकती है ।
सरकार के द्वारा आम जनता के हित में जब भी नई योजना लाई जाती है । साइबर अपराधी उस योजना को अमली जामा पहनाकर आम जनता के बीच लाकर उनके कमाई की लाखों करोड़ों की राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा लेते हैं । या फिर लोगों को इस तरह से माया जाल में फसाते हैं कि लोग लालच में आकर जल्दी से जल्द अधिक से अधिक पैसा कमाने के लिए अपने आप उनके द्वारा बताए गए जाल में फंस जाते हैं । 

 

   आज मोबाइल और इंटरनेट ने हमारा जीवन बहुत आसान कर दिया है। लेकिन इसी के साथ साइबर ठगों ने भी लोगों को लूटने के नए तरीके खोज लिए हैं। सरकार जब भी आम जनता के लिए कोई नई योजना लाती है जैसे किसान सम्मान निधि, सौर ऊर्जा योजना, या लोन, तो साइबर अपराधी उसी योजना का नाम लेकर आम जनता को ठग लेते हैं।

 

पुलिस और प्रशासन लगातार गांव गांव और शहरों में कैंप लगाकर लोगों को समझा रहे हैं। कई बार लोग समझ भी जाते हैं, लेकिन फिर भी जल्दी अमीर बनने और बिना मेहनत के पैसा कमाने के लालच में ठगों के जाल में फंस जाते हैं।

बचपन में हम सबने एक कहानी पढ़ी होगी। एक साधु ने कबूतरों को सिखाया था शिकारी आएगा, दाना डालेगा, जाल बिछाएगा, हमें उसमें नहीं फंसना है। एक दिन सचमुच शिकारी आया और दाना फेंका। कबूतर यही लाइनें रटते रहे, पर दाने के लालच में उतर गए और जाल में फंस गए।

 

ठीक इसी तरह आज हम सब जानते हैं कि ओटीपी नहीं बताना है, फिर भी लालच में आकर बता देते हैं। इसलिए याद रखिए, जब तक लालच पर नियंत्रण नहीं होगा, तब तक ठगी से बचना मुश्किल है।

सरकार द्वारा जारी सूचनाओं के आधार पर तैयार की गई इस जानकारी में आइए विस्तार से जानते हैं ठगी के 16 तरीके और उनसे बचने के उपाय। यदि आप पूरी तरह से सजग रहकर इसे अपनाते हैं और अन्य लोगों में भी इस जानकारी को फैलाते हैं तो हो सकता है आपके और उनके द्वारा मेहनत से कमाई गई लाखों करोड़ों की राशि लूटे जाने से बच सकती है।

 

1. लॉटरी और ओटीपी वाला फ्रॉड  
ठग कैसे फंसाते हैं: आपके पास फोन आएगा। सामने वाला बोलेगा सर आपको 25 लाख की लॉटरी लगी है। या हमारी कंपनी का लकी ड्रा आप जीते हैं। बधाई हो। फिर कहेगा आपके नंबर पर एक ओटीपी गया है वो बता दीजिए। साथ में जीएसटी या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 500-1000 रुपये जमा कर दीजिए।  जैसे ही आपने ओटीपी बताया और पैसा जमा किया, बस आपका बैंक खाता खाली। फिर वो आपसे तरह के कानूनी चार्ज के नाम पर बार बार पैसे मांगते रहेंगे।  
इससे कैसे बचें: सरकार, बैंक या कोई भी कंपनी कभी फोन करके ओटीपी, पासवर्ड या एटीएम का CVV नंबर नहीं मांगती। अगर कोई मांगे तो तुरंत फोन काट दें।

2. बैंक मैनेजर बनकर ठगी  
ठग कैसे फंसाते हैं: आपको कॉल आएगा मैं आपके बैंक का मैनेजर बोल रहा हूं। आपका खाता बंद हो रहा है। KYC अपडेट करनी है। आपके पास ओटीपी आएगा उसे बता दीजिए वरना आपका पैसा फंस जाएगा। डर के मारे लोग ओटीपी बता देते हैं। 
इससे कैसे बचें: फोन पर कभी बैंक की जानकारी न दें। अगर बैंक से फोन आया है तो अगले दिन खुद बैंक जाकर मैनेजर से मिलें। फोन पर भरोसा न करें।

3. किसान भाइयों को निशाना फर्जी APK एप  
ठग कैसे फंसाते हैं: सरकार किसानों के लिए फसल बीमा, KCC लोन, सूखा राहत जैसी योजनाएं लाती है। ठग उसी का फायदा उठाते हैं। वो किसानों को व्हाट्सएप पर एक लिंक या APK फाइल भेजेंगे और बोलेंगे इसको डाउनलोड करो, आपकी सब्सिडी के पैसे सीधे आ जाएंगे। जैसे ही आपने एप डाउनलोड किया, आपके मोबाइल का पूरा कंट्रोल उनके पास। आपके बैंक से पैसा सीधे उनके खाते में चला जाएगा।  
इससे कैसे बचें: किसी भी अंजान नंबर से आए लिंक या एप को डाउनलोड न करें। सरकारी योजना की जानकारी केवल सरकारी वेबसाइट, बैंक या कृषि केंद्र से ही लें।

4. खाता किराए पर लेकर म्यूल अकाउंट बनाना
ठग कैसे फंसाते हैं: ये बेरोजगार युवकों और घरेलू महिलाओं को निशाना बनाते हैं। बोलते हैं तुम्हें कुछ नहीं करना है। बस अपना बैंक का एटीएम और चेक बुक हमें दे दो। हर महीने 10 से 15 हजार रुपये देंगे। गरीब लोग लालच में आकर दे देते हैं। फिर ठग दूसरे लोगों से ठगे हुए करोड़ों रुपये इसी खाते में मंगवाते हैं और निकाल लेते हैं।  
इससे कैसे बचें: पुलिस का सख्त निर्देश है खाता आपका है तो जिम्मेदारी भी आपकी है। कभी अपना बैंक खाता, एटीएम, चेक बुक किसी को न दें। अगर आपके खाते से ठगी हुई तो पुलिस आपको भी पकड़ेगी।

5. बहुत सस्ते सामान का लालच  
ठग कैसे फंसाते हैं: फेसबुक, व्हाट्सएप या फोन पर मैसेज आएगा कंपनी बंद हो रही है। 50 हजार का फ्रिज सिर्फ 15 हजार में। टीवी 70 प्रतिशत डिस्काउंट पर। या कंपनी का ऑर्डर कैंसिल हो गया है इसलिए सस्ते में बेच रहे हैं। लोग लालच में आकर पहले पैसा जमा कर देते हैं। पैसा जाते ही ठग का मोबाइल बंद।  
इससे कैसे बचें: जो सामान बाजार से बहुत सस्ता मिल रहा हो उससे सावधान रहें। बिना पहचान वाली साइट या व्यक्ति को पहले पैसा न भेजें। COD यानी सामान आने पर पैसा दें।

6. शेयर मार्केट में डबल करने का झांसा  
ठग कैसे फंसाते हैं: बोलेंगे बैंक में पैसा रखोगे तो 10 साल में डबल होगा। हमारे पास लगाओ 1 साल में 4 गुना। हम शेयर में एक्सपर्ट हैं। लोग बैंक से पैसा निकालकर इन्हें दे देते हैं। शुरू में थोड़ा मुनाफा भी दे सकते हैं ताकि भरोसा हो जाए। फिर मोटी रकम लेकर गायब।  
इससे कैसे बचें: शेयर मार्केट में उतार चढ़ाव होता है। जो गारंटी से मुनाफे का वादा करे उससे दूर रहें। केवल SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार से ही सलाह लें।

7. सूर्य घर योजना के नाम पर ठगी
ठग कैसे फंसाते हैं: सरकार सौर ऊर्जा लगाने पर सब्सिडी दे रही है। ठग इसी का फायदा उठाकर बोलते हैं हम आपका सोलर प्लांट लगवा देंगे। सब्सिडी भी दिलवा देंगे। पहले 50 हजार जमा करो। पैसा लेने के बाद न प्लांट लगाते हैं न पैसा वापस।  
इससे कैसे बचें: सौर ऊर्जा के लिए केवल सरकार द्वारा अधिकृत डीलर और सरकारी पोर्टल से ही संपर्क करें। किसी बिचौलिए को पैसा न दें।

 

8. नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी  
ठग कैसे फंसाते हैं: मेरी पुलिस में, सेना में, CIFS में ऊपर तक पहचान है। बिना परीक्षा के नौकरी लगवा दूंगा। 5 लाख लगेंगे। बेरोजगार युवा और माता पिता लालच में आकर पैसा दे देते हैं।  
इससे कैसे बचें: सरकारी नौकरी बिना लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के नहीं मिलती। जो बिना मेहनत के नौकरी का दावा करे वो ठग है। किसी को पैसा न दें।

9. डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराना
ठग कैसे फंसाते हैं: फोन पर पुलिस अधिकारी बनकर धमकाएंगे आपके बेटे के पार्सल में ड्रग्स मिला है। उसे गिरफ्तार करना पड़ेगा। बचाना है तो अभी 2 लाख रुपये इस अकाउंट में डालो। नहीं तो डिजिटल अरेस्ट कर लेंगे। आपके घर पर कैमरा लगा है हम देख रहे हैं। डर के मारे लोग पैसा ट्रांसफर कर देते हैं।  
इससे कैसे बचें: भारत सरकार किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। इस तरह का फोन आए तो तुरंत काट दें। अपने परिजन को उनके असली नंबर पर कॉल करके हाल चाल पूछें।

10. हनी ट्रैप वीडियो कॉल ब्लैकमेल
ठग कैसे फंसाते हैं: देर रात किसी अंजान लड़की का वीडियो कॉल आएगा। बातों बातों में आपको फंसाएगी। फिर अश्लील वीडियो बना लेगी। बाद में उसी वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर लाखों रुपये मांगेगी। शर्म के कारण लोग पुलिस के पास नहीं जाते।
इससे कैसे बचें: किसी भी अंजान नंबर की वीडियो कॉल न उठाएं। अगर फंस भी गए हैं तो शर्म न करें। तुरंत 1930 या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत करें।

 

11. सोना चांदी दोगुना करने का जादू टोना  
ठग कैसे फंसाते हैं: बोलेंगे हमारे पास एक मटका मिला है जिसमें सोने के सिक्के हैं। हम इसे बेचना नहीं चाहते। आप ले लो। या हम आपके जेवर को पूजा करके दोगुना कर देंगे। 2 दिन बाद खोलना। 2 दिन बाद खोलेंगे तो उसमें ईंट पत्थर निकलेगा।  
इससे कैसे बचें: अगर उनके पास जेवर दोगुना करने की शक्ति होती तो वो खुद अमीर होते। आप तक क्यों आते। अंधविश्वास से बचें।

12. बैगा गुनिया के नाम पर लूट  
ठग कैसे फंसाते हैं: घर में कोई बीमार हो जाए तो ये लोग बोलेंगे तुम्हारे घर पर काली छाया है। ऊपरी हवा है। पूजा करनी पड़ेगी। 1 लाख रुपये लाओ। बीमारी का इलाज न कराकर लोग इनके चक्कर में लाखों गंवा देते हैं।  
इससे कैसे बचें: बीमारी में तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। सरकार आयुष्मान कार्ड और अन्य योजनाओं के तहत मुफ्त इलाज दे रही है। उसका लाभ लें।

 

13. ऑनलाइन गेम का नशा  
ठग कैसे फंसाते हैं: गेम खेलते खेलते पहले थोड़ा जिताएंगे। फिर लालच देंगे 1000 लगाओ 10 हजार जीतोगे। लोग लाखों गंवा देते हैं। कई बार बच्चे माता पिता का मोबाइल लेकर गेम में ओटीपी डाल देते हैं।  
इससे कैसे बचें:  खजाना मिलने का झांसामें पैसे लगाने से बचें।

 

14. सिम खरीदते समय फ्रॉड  
ठग कैसे फंसाते हैं: दुकानदार सिम देते समय आपसे 2-3 बार अंगूठा लगवाएगा और बोलेगा थंब मैच नहीं हुआ। असल में वो अतिरिक्त सिम एक्टिवेट करके साइबर ठगों को बेच देता है।  
इससे कैसे बचें: सिम लेते समय एक बार ही अंगूठा और फोटो दें। अगर दुकानदार दोबारा मांगे तो कारण पूछें।

15. खजाना मिलने का झांसा 
ठग कैसे फंसाते हैं: बोलेंगे हमारे खेत में खुदाई के समय सोने का हांडा मिला है। पुलिस का डर है। आप ले लो सस्ते में दे देंगे। पैसा ले लेंगे पर सामान नहीं देंगे।  
इससे कैसे बचें: इस तरह के लालच में न आएं। पुलिस को तुरंत सूचना दें।

 

16. पुराने नोट सिक्के बेचने के नाम पर ठगी  
ठग कैसे फंसाते हैं: फेसबुक, यूट्यूब और व्हाट्सएप पर विज्ञापन आता है कि पुराने 1 रुपये, 2 रुपये या 5 रुपये के नोट सिक्के के बदले 25 लाख से 40 लाख देंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन फीस मांगते हैं। पैसा लेते ही नंबर बंद।  
इससे कैसे बचें: RBI का साफ निर्देश है RBI पुराने नोट नहीं खरीदती। इस तरह का कोई सरकारी कानून नहीं है। किसी को पैसा न भेजें और 1930 पर शिकायत करें।

खुद को बचाने के 10 सबसे जरूरी नियम  
1. ओटीपी, पासवर्ड, CVV, कार्ड नंबर किसी को भी फोन पर न बताएं।  
2. व्हाट्सएप या मैसेज में आए अंजान लिंक पर क्लिक न करें।  
3. एटीएम से पैसा निकालते समय किसी अंजान से मदद न लें।  
4. फेसबुक इंस्टाग्राम पर अंजान दोस्त की बातों में न आएं।  
5. गूगल पर सर्च करके मिले कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें।
6. लॉटरी इनाम वाले मैसेज का जवाब न दें।  
7. एडवांस पैसा मांगने वाले को पैसा न भेजें।  
8. अपना बैंक खाता किसी को किराए पर न दें।  
9. अंजान व्यक्ति की वीडियो कॉल न उठाएं।  
10. कुछ भी शक हो तो पहले घर के बड़े या पुलिस से सलाह लें।

अगर ठगी हो जाए तो तुरंत क्या करें  
1. घबराएं नहीं।  
2. तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।  
3. http://cybercrime.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।  
समय पर शिकायत करने से आपके पैसे वापस आने की संभावना सबसे ज्यादा होती है।

 

अपील: जागरूक बनें, अपने परिवार और गांव को भी जागरूक करें। सावधानी ही सुरक्षा है।

 

जानकारी सहयोग: सरकार द्वारा जारी सूचनाओं के आधार पर
सावधान रहे, सुरक्षित रहें 
जय हिंद 🚩

 

संडे मेगा स्टोरी के 48 वे अंक में आज बस इतना ही। आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी या कोई कहानी हो तो अवश्य बताएं जिससे लोगों तक पहुंचा जा सके।  
भोजराम साहू संपादक हमारा दल्ली राजहरा निष्पक्ष समाचार चैनल 98937 65541
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!