दल्ली राजहरा सोमवार 03 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 बघमरा बायपास और हीरापुर चौक में दो प्रकरणों में धमतरी के दो संचालकों के खिलाफ इस्तगासा, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

 

अवैध कबाड़ी कारोबार पर नकेल कसने के लिए बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चौव्हाण के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत दो अलग-अलग प्रकरणों में 2 लाख 13 हजार रुपये का अवैध कबाड़ सामान जप्त किया गया है। इस कार्रवाई से जिले में अवैध रूप से कबाड़ी का धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पहला मामला बघमरा बायपास रोड का है। मुखबीर की सूचना पर पुलिस टीम ने रिसाईपारा धमतरी निवासी नजीमुद्दीन पिता मुमताजुद्दीन उम्र 40 वर्ष द्वारा संचालित कबाड़ी दुकान पर दबिश दी। मौके पर विभिन्न वाहनों के लोहे के पार्ट्स को गैस कटर से काटकर रखा हुआ पाया गया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष दुकान की तलाशी ली और संचालक को धारा 94 बीएनएसएस के तहत वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस दिया। दस्तावेज न दिखा पाने पर बरामद सामान को जब्त किया गया। श्री बालाजी धर्मकांटा में वजन कराने पर पार्ट्स का वजन 2070 किलोग्राम निकला। साथ ही 15 नग कार और ट्रक के पुराने टायर भी मिले। पुलिस ने कुल 1 लाख 18 हजार 500 रुपये का सामान जब्त कर उसे चोरी का अंदेशा जताते हुए धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगासा क्रमांक 01/2026 तैयार किया।

दूसरी कार्रवाई हीरापुर चौक के पास दुर्ग रोड पर की गई। यहां भी रिसाईपारा धमतरी निवासी समिरुद्दीन पिता मुमताजुद्दीन उम्र 46 वर्ष अवैध रूप से कबाड़ी दुकान चलाकर पुराने वाहनों के पार्ट्स काट रहा था। तलाशी में 1650 किलोग्राम लोहे के पार्ट्स और 15 नग कार एवं मैजिक वैन के पुराने टायर मिले। दस्तावेज न होने पर 82 हजार 500 रुपये के पार्ट्स और 12 हजार रुपये के टायर सहित कुल 94 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया। इसके विरुद्ध भी धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया।

 

दोनों ही मामलों में आरोपियों के पास से बरामद सामान के चोरी का होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ी कारोबार को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध दस्तावेज के कबाड़ खरीद-बिक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के साथ उपनिरीक्षक कमला यादव, सहायक उपनिरीक्षक गौकरण भंडारी, सहायक उपनिरीक्षक देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा, प्रधान आरक्षक दुर्योधन सिंह यादव, आरक्षक चुलेन्द्र कुर्रे, आरक्षक बनवाली साहू, आरक्षक उमाशंकर सिन्हा और आरक्षक संजय सोनी की सराहनीय भूमिका रही।

 

पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की शहर में सराहना हो रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी के वाहनों के पार्ट्स की बिक्री पर रोक लगाकर अपराध पर अंकुश लगाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!