दल्ली राजहरा गुरुवार 06 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

डौंडी में 1 करोड़ के आत्मानंद स्कूल का लोकार्पण, घोटिया महाविद्यालय को 1 लाख की सहयोग राशि भी दी ।

 

डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेंडिया ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज सरकार से परेशान है। वे डौंडी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक ने सावन माह की बधाई देते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की।

सरकार पर साधा निशाना:

 

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक अनिला भेंडिया ने कहा कि “आज प्रदेश का किसान सबसे ज्यादा परेशान है। भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं करवा पाई। किसान खाद के लिए दर-दर भटकते रहे।”

उन्होंने आगे कहा कि “सरकार एक हजार रुपये देकर जनता से पांच हजार रुपये वसूल रही है। बिजली बिलों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस सरकार में 2-3 सौ रुपये आने वाला बिल आज एक हजार से ज्यादा आ रहा है। छोटे मजदूर और किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं।”

विधायक ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं की लिखित शिकायत पंचायत और जनपद के माध्यम से जिला पंचायत तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा “जब तक समस्या निचले स्तर से नहीं उठेगी और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद नहीं होगी, तब तक सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंगेगी।”

 

 

ग्राम पंचायत घोटिया में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोच थी कि वनांचल के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम में पढ़ें और प्रतियोगी परीक्षाओं में पीछे न रहें।

 

इसके बाद विधायक घोटिया के नवीन शासकीय महाविद्यालय पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित किया और महाविद्यालय के संचालन के लिए प्राचार्य को 1 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।

विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी ने बताया कि घोटिया में महाविद्यालय खोलने की मांग पूर्व में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से की गई थी। तत्कालीन महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया ने मुख्यमंत्री को बताया था कि दूर होने के कारण यहां की लड़कियां 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देती हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंच से ही महाविद्यालय खोलने की घोषणा की थी। आज यहां बीए, बीकॉम और बीएससी की कक्षाएं संचालित हो रही हैं।

 

 विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया:

 

घोटिया में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया। विधायक अनिला भेंडिया ने महिलाओं की आरती उतारकर उन्हें उपहार भेंट किए। छोटे बच्चों को खीर खिलाकर मुंह झुठाई की रस्म भी निभाई।

पीयूष सोनी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे गुरुजनों और माता-पिता का सम्मान करें और मेहनत से पढ़ाई कर लक्ष्य हासिल करें।

 इन कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमिपूजन:
1. सिंघोला: आश्रित ग्राम कंजेली में रंगमंच का भूमिपूजन
2. घोटिया: स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन का लोकार्पण  
3. ठेमाबुजुर्ग: आश्रित ग्राम बरबट्टी टोला में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
4. परसोंदा: सामुदायिक भवन का लोकार्पण
5. कुरुटोला: सामुदायिक भवन का लोकार्पण व सीसी रोड का भूमिपूजन
6. चिहरो: सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
7. खुर्शीटिकुर: सामुदायिक भवन का भूमिपूजन

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, जनपद उपाध्यक्ष भोलाराम नेताम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बारला, जनपद सदस्य पुनीत सेन, पूर्व जनपद सदस्य कोमेश कोर्राम, कैलाश राजपूत, कोमलेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!