दल्ली राजहरा गुरुवार 13 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 शहर एवं थाना क्षेत्र में बढ़ती यातायात नियमों की अवहेलना एवं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण चव्हाण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन में बुधवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में एसडीएम राजहरा श्री सुरेश कुमार साहू, व्यापारी संघ, परिवहन संघ, पत्रकार संघ, नगर पालिका के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों के साथ थाना प्रभारी राजहरा श्री सुनील तिर्की उपस्थित थे।

 

बैठक में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं दुर्घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संघों के पदाधिकारियों से सहयोग की अपील की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक श्री विकास पाटले ने कहा: “शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन लगातार बढ़ रहा है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

 

बैठक में निम्न बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया:
1. नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकना
2. नो पार्किंग में वाहन खड़ी न करना  
3. निर्धारित गति में वाहन चलाना
4. वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करना
5. शराब या नशा करके गाड़ी न चलाना
6. दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनना
7. कार चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करना

 

थाना प्रभारी श्री सुनील तिर्की ने कहा: “सिर्फ चालान काटने से काम नहीं चलेगा। अभिभावकों को भी अपने नाबालिग बच्चों को गाड़ी देने से रोकना होगा। यदि मवेशी मालिकों द्वारा मवेशियों को खुले स्थान में छोड़े जाने के कारण दुर्घटना होती है तो मवेशी मालिकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

 

एसडीएम श्री सुरेश कुमार साहू ने प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि यातायात को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। बैठक के अगले ही दिन दिनांक 11.08.2026 को श्री विकास पाटले के निर्देशन में श्री सुनील तिर्की एवं यातायात स्टाफ द्वारा शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर निम्न कार्रवाई की गई:

 

नेशनल हाईवे में सफेद पट्टी के अंदर खतरनाक ढंग से वाहन खड़ी करने पर 03 ट्रक चालकों के विरुद्ध धारा 285 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर ट्रकों को जप्त किया गया। 
05 नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में चलाने पर 01 चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।शराब पीकर वाहन चलाने वाले 01 चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।नो पार्किंग में वाहन खड़ी करने वाले 03 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

 

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें। किसी भी प्रकार की सूचना के लिए पुलिस थाना दल्लीराजहरा के मोबाइल नंबर 9479192058 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!