दल्ली राजहरा रविवार 16 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541
👉 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर, कीमत लगभग ₹80,000/- बरामद।
👉 चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल एवं स्कूटी सहित लगभग ₹10 लाख की संपत्ति जप्त।
👉 आरोपियों द्वारा पूर्व में भी केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
👉. भरदाखुर्द, कुरदी, सुखरी में केबल चोरी का खुलासा: 7 आरोपी रिमांड पर, 4 नाबालिग बाल न्यायालय भेजे गए । 

 

ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी एवं सुखरी क्षेत्र में टावरों से केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का गुण्डरदेही पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

मामले का खुलासा प्रार्थी प्रीनेष कुमार साहू की रिपोर्ट पर हुआ। उन्होंने 13.08.2026 को थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम भरदाखुर्द स्थित टावर से एयरटेल एवं आइडिया का नेटवर्क बंद हो गया है। जांच के दौरान ग्राम गुरेदा के पास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को टावर की केबल काटकर चोरी करते देखा गया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी स्कूटी एवं केबल वायर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पता साजी शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही श्री राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण में निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, थाना प्रभारी गुण्डरदेही के नेतृत्व में थाना गुण्डरदेही एवं साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं पिकअप वाहन की पहचान की। पूछताछ एवं पतासाजी के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों तक पुलिस पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने योजना बनाकर रेकी करने के बाद ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी एवं सुखरी क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उन्होंने पूर्व में भी इसी तरह की चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 80,000 रुपये है। साथ ही चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PM 2170, मोटरसाइकिल एक्सट्रीम क्रमांक CG 04 DB 3196 एवं स्कूटी क्रमांक CG 07 BF 4709 को भी जप्त किया गया है। कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर जप्त की गई है।

07 आरोपियों को 15.08.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। घटना में शामिल 04 विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान गोपनीय रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

 

इस कार्रवाई में थाना गुण्डरदेही से निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, सउनि राघवेन्द्र सिंह, आरक्षक यशवंत देशमुख, आरक्षक पंकज तारम तथा साइबर सेल बालोद से सहायक उप निरीक्षक धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक विपिन गुप्ता, आरक्षक राहुल मनहरे, आरक्षक भोपसिंह साहू, आरक्षक मिथलेश साहू का विशेष योगदान रहा।

 

गुण्डरदेही पुलिस द्वारा चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोहों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!