दल्ली राजहरा शनिवार 26 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 जनपद पंचायत डौंडी के सभाकक्ष में आयोजित साधारण सभा की बैठक काफी हंगामेदार रही। बैठक में विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी सहित कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्यों ने फसल बीमा, राशन कार्ड, एग्रो स्टैक, मूल्यांकन, सत्यापन में देरी सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को जोर-शोर से उठाया।

तीन साल से अधूरा उप स्वास्थ्य केंद्र

 

विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी ने कहा कि सीजीएमएससी के तहत भर्रीटोला-36 में पिछले तीन वर्षों से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण अधूरा पड़ा है। इस पर विभाग के अधिकारी ने बजट का अभाव बताया। इस पर सोनी ने कहा कि एक तरफ प्रदेश की भाजपा सरकार कहती है कि पैसों के अभाव में विकास कार्य नहीं रुकेंगे, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा के लिए बजट नहीं मिल पा रहा है।

 

धान खरीदी से वंचित हो सकते हैं किसान

पीयूष सोनी
एग्रो स्टैक से किसानों को हो रही परेशानी पर सोनी ने कहा कि राजस्व विभाग में बहुत से मामले पेंडिंग हैं। उनका जल्द निराकरण किया जाए, नहीं तो किसान धान बेचने से वंचित रह जाएंगे। साथ ही दो वर्षों से फसल बीमा की राशि पूर्ण रूप से नहीं दी गई है, जो काफी गंभीर विषय है।

 

राशन कार्ड कटने से हितग्राही परेशान

 

विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि जनसंख्या बढ़ रही है तो राशन कार्ड भी बढ़ने चाहिए, लेकिन शासन की गलत नीतियों के कारण राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। इससे हितग्राहियों को राशन नहीं मिलेगा और कई योजनाओं से बीपीएल परिवार वंचित हो जाएंगे। बैठक में उपस्थित खाद्य अधिकारी ने भी डौंडी ब्लॉक में राशन कार्ड कटने की बात स्वीकार की।

 

कुसुमकसा में चिकित्सक की वापसी की मांग

 

कुसुमकसा क्षेत्र की जनपद सदस्य मंजू बैस ने कुसुमकसा स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक के अन्यत्र तबादले का मुद्दा उठाया और उन्हें वापस पदस्थ करने की मांग की। विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी ने उनका समर्थन करते हुए दूरभाष पर जिला चिकित्सा अधिकारी से चर्चा की। जिला चिकित्सा अधिकारी ने दस दिनों के भीतर चिकित्सक को वापस कुसुमकसा में पदस्थ करने का आश्वासन दिया।

 

नल-जल योजना शुरू न होने से पेयजल संकट

 

बैठक में विधायक प्रतिनिधि ने पीएचई विभाग द्वारा ग्राम आड़ेक्षर, बिटाल और जाबूड़वाही में नल-जल योजना शुरू न करने से ग्रामीणों को हो रही पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया। विभाग के एसडीओ ने पानी का स्रोत नहीं होने की बात कही। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने सवाल किया कि यदि स्रोत नहीं है तो पाइपलाइन क्यों बिछाई गई। इस पर एसडीओ ने पुनः बोर करवाने का आश्वासन दिया।

 

सुकड़ीगुहान में खुलेगा आंगनबाड़ी केंद्र

 

विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी और जनपद सदस्य शिवप्रसाद बारले ने पिछली बैठक में ग्राम सुकड़ीगुहान में स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्र के लिए एनओसी न मिलने का मुद्दा उठाया था। इस पर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एनओसी प्रदान कर दी गई है और जल्द ही वहां आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया जाएगा।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!