दल्ली राजहरा सोमवार 28 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 15 नियोगी नगर, दल्ली राजहरा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 23 एवं 24 में संयुक्त रूप से आयोजित हुआ, जिसमें पोषण माह एवं तिथि भोज का विशेष आयोजन किया गया।

 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम में दो नन्हे बच्चों सत्यम साहू और इशांत निषाद का अन्नप्राशन संस्कार पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद  तरुण कुमार साहू उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमादेवी, चित्ररेखा उइके, नीरू रावटे, सहायिका टेकिन बाई, दिलेश्वरी देवांगन सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

 

मुख्य अतिथि पार्षद तरुण कुमार साहू का उद्बोधन –

अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि पार्षद तरुण कुमार साहू ने कहा कि, “सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और स्वास्थ्य का मंदिर है।”

 

उन्होंने आगे कहा, “आज जिन दो बच्चों का अन्नप्राशन हुआ है, उन्हें मैं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं। पोषण माह के माध्यम से हमें यह संदेश देना है कि पहला 1000 दिन बच्चे के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण होता है। गर्भावस्था से लेकर 2 वर्ष तक बच्चे को सही पोषण मिलना अति आवश्यक है। मैं सभी माताओं-बहनों से अपील करता हूं कि आंगनबाड़ी द्वारा दी जाने वाली पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की सेवाओं का पूरा लाभ लें।”

 

पार्षद ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे जमीनी स्तर पर मातृ और शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!