छत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध
दल्ली राजहरा के पावर हाउस ओवर ब्रिज के पास खराब रोड को लेकर दूसरी बार हुआ चक्का जाम

दल्ली राजहरा मंगलवार 19 अगस्त 2025
भोज राम साहू 9893765541

आज दल्ली राजहरा पावर हाउस वार्ड नंबर 17 में वार्ड वासियों के द्वारा गाडरपुल के पास सुबह 6:00 बजे से चक्का जाम कर दिया था l जिसके कारण दल्ली माइंस के गेट नंबर 2 से ड्यूटी जाने वाले कर्मचारी सुबह एवं जनरल शिफ्ट के पाली में ड्यूटी नहीं जा पाए l

वार्ड वासी ललित चालके ने बताया कि 27 जून 2025 को ग्राम पंचायत धोबे ग्राम पंचायत कोड़ेकसा दल्ली राजहरा वार्ड नंबर 15 ,16 एवं 17 के निवासियों के द्वारा एक सूत्री मांग को लेकर चक्का जाम किया गया था l जिसमें वार्ड नंबर 2 के गेट एवं आसपास के अन्य सभी गेटों को बंद कर दिया गया था l

जगन्नाथ स्टील प्लांट के डीजीएम पंकज सिन्हा ने लिखित में आश्वासन दिया था कि चार दिन के अंदर रोड का मरम्मत कर दिया जाएगा तथा बारिश समाप्त होने के बाद डामर रोड बना दिया जाएगा l उनके आश्वासन को लगभग दो महीना होने को है l अभी तक रोड की मरम्मत नहीं हो पाई है बस खानापूर्ति के लिए 6 हाईवा मुरम गड्ढे में डाल दिया गया था l

आज फिर वार्ड वासियों एवं ग्राम वासियों के द्वारा प्रबंधन के वादा खिलाफी के खिलाफ एक होकर चक्का जाम कर दिया गया तब जगन्नाथ प्लांट के इंचार्ज डीजीएम रावत राव पहुंचे l उनसे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम जगन्नाथ प्लांट के डीजीएम पंकज सिन्हा के आने से ही बात करेंगे क्योंकि पिछले बार उन्होंने ही वादा किया था कि चार दिन के अंदर रोड का काम चालू होगा l वह अब तक नहीं हो पाया है कारण क्या है हम उन्हीं से सुनना चाहते हैं l

डीजीएम इंचार्ज रावत राव ने बताया कि बिटिया के स्वास्थ्य होने के कारण वह छुट्टी पर हैं उनके नहीं आने से अब प्लांट की जिम्मेदारी मेरी है l मैं आप लोगों से वादा कर रहा हूं कि 4 दिन के अंदर ही रोड का काम चालू हो जाएगा l

तब उनके साथ आए एक अधिकारी ने कहा कि ₹4 लाख का हम लोगों ने इस रोड में मुरम डलवाए हैंहैंl वार्ड वासियों ने कहा कि आपके द्वारा डलवाई गई मुरम सिर्फ छह हाईवा था l वह भी पूरी तरह से नहीं भरा गया था आप बताएं कि ₹4 लाख में 6 हाईवा मुरम आता है l उस अधिकारी ने कहा कि ठेकेदार के द्वारा मुझे मुरम डालने की चार लाख की बिल दी गई है l

कल दोपहर 1:30 बजे प्लांट के लिए मशीन लाई जा रही थी जो की ट्रेलर के ऊपर लोड था मशीन के साथ आए जिम्मेदार लोगों ने मशीन की ऊंचाई अधिक होने के कारण रोड को खोद दिया और खोदने के बाद मशीन ले जा रहे थे मशीन बड़ी मुश्किल से रेलवे ओवर ब्रिज को रगड़ते हुए बाहर निकाला है l रगड़ने की निशान फोटो से स्पष्ट नजर आ रहा है l मशीन के रगड़ने के कारण ब्रिज के राड बाहर आ गया है lयदि इसी स्थिति में मशीन बीच में फंस जाती तो क्या होता इसकी कल्पना आप कर सकते हैं l

आपको बता दें कि यह इस रोड से ग्राम कोण्डेकसा धोबेदंड दराटोला कुंजाम टोला बिटाल के ग्रामवासी , कोड़े कसा स्कूल के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला ,गांधी विद्या मंदिर , साई शिशु मंदिर , स्वामी आत्मानंद जैसे लगभग 6 से 7 स्कूल के बच्चे इस रोड से प्रतिदिन आना-जाना करते हैं l साथ ही प्लांट में काम करने वाले तीनों शिफ्ट के कर्मचारी भी इसी रोड से आना जाना करते हैं l

इस रोड की लंबाई लगभग 3 किलोमीटर की है उन्होंने बताया कि आज से 20 वर्ष से पहले पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पुरोबी वर्मा के कार्यकाल में यह रोड बना था l तब से अब तक किसी भी नगर पालिका अध्यक्षों ने इस रोड की तरफ ध्यान नहीं दिया l

अधिकारी के बारिश खत्म होने की बाद डामर रोड बनाने के वादा करने पर आज धरना प्रदर्शन तो समाप्त हुआ है l साथ ही उन्होंने चार दिन के अंदर रोड की रिपेयरिंग की बात भी कही है l वार्ड वासियों ने बताया कि यदि चार दिन के अंदर रिपेयरिंग नहीं होता है तो बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा l

उन्होंने बताया कि कल हम लोगों ने वार्ड वासियों के हस्ताक्षर युक्त पत्र अनुविभागी कार्यालय थाना प्रभारी दल्ली राजहरा एवं जगन्नाथ प्लांट के अधिकारियों को सौपा था l लेकिन दुखद बात यह है कि कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मध्यस्थतता करने के लिए नहीं आए l यह बड़ी विडंबना है जबकि हमारी मांग अपने स्वार्थ की नहीं है हमारी मांग सिर्फ एक ही है यहां से आने जाने वाले लोगों के लिए रोड बने l छोटे-छोटे मासूम बच्चे जो स्कूल आते जाते समय कई बार इस रोड में बने गड्ढे में गिर जाते हैं l बच्चों के कपड़ा खराब हो जाते हैं बैग भी गीला हो जाता है देखकर अपने आप में हम लोग को शर्मिंदगी महसूस होती है कि क्या हम लोग इस लायक भी नहीं है कि विरोध कर सकें l बरसात में पानी भरा रहने के कारण पता ही नहीं चलता कि रोड कहां है और गड्ढा कहां पर है l हम लोग भी किसी न किसी तरह से बीएसपी से जुड़े हुए हैं l हमारा निवेदन यही है कि जन समस्या को देखते हुए जल्द से जल्द रोड बनाई जाए l





