दल्ली राजहरा
गुरुवार 07 मई 2026
भोजराम साहू 9893 765541
सुशासन तिहार 2026: दल्ली राजहरा में बालोद पुलिस ने दिया साइबर ठगी से बचने का मंत्र, 1930 पर करें कॉल । 
 नगर पालिका शिविर में ‘साइबर प्रहरी’ अभियान, APK फाइल, ट्रेडिंग फ्रॉड, म्यूल अकाउंट पर दी चेतावनी ।

 

          समाचार 
 सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा परिसर में सोमवार को जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाकर जहां आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया, वहीं कई उपयोगी जानकारियां भी दीं।
इसी क्रम में जिला पुलिस बालोद द्वारा साइबर प्रहरी – साइबर क्राइम जागरूकता अभियान’ के तहत लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए। सहायक उपनिरीक्षक धरम भूआर्य  ने कहा कि साइबर अपराध का प्रमुख माध्यम मोबाइल है। इसका उपयोग करते समय पूरी सावधानी बरतने पर आप आसानी से फ्रॉड से बच सकते हैं।

बालोद पुलिस ने बताए साइबर ठगी के नए तरीके
साइबर विभाग ने बताया कि वर्तमान में फोन पे, गूगल पे, पेटीएम, कैशबैक ऑफर, व्हाट्सएप वीडियो कॉल, ऑनलाइन लोन एप, मातृत्व वंदन योजना के नाम पर, रिश्तेदार बनकर कॉल, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट जैसे कई माध्यमों से ठगी हो रही है।
ठगी होने पर क्या करें: यदि आप किसी कारणवश साइबर ठगी के शिकार हो जाते हैं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। जितनी जल्दी सूचना देंगे, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी अधिक होगी।

 APK फाइल से रहें सावधान: 33 लाख की ठगी का केस
धरम भूआर्य ने बताया कि इसी साल बालोद जिले में APK फाइल के माध्यम से ठगी का मामला सामने आया। व्हाट्सएप या अन्य ग्रुप में PDF के नाम पर APK फाइल भेजी जाती है। उसे टच करते ही मोबाइल का पूरा एक्सेस ठगों के पास चला जाता है।
डौंडीलोहारा की घटना: BSP के एक रिटायर्ड कर्मचारी के गांव के पंचायत ग्रुप में APK फाइल आई। उन्होंने टच कर दिया। 2 मिनट में उनका पूरा डाटा साइबर अपराधियों के पास चला गया और 5-6 दिन के अंदर उनके खाते से 32 से 33 लाख रुपए निकल गए। पुलिस ने एक्सपर्ट की मदद से बिहार से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। व्हाट्सएप या किसी ग्रुप में यदि .apk लिखा फाइल आए तो उसे टच न करें। गलती से टच हो जाए और वह इंस्टॉल होने लगे तो तुरंत बाहर निकलें।

 फर्जी ट्रेडिंग मार्केट: 50 लाख तक की ठगी
उन्होंने बताया  कि पढ़े-लिखे लोग भी सोशल मीडिया पर दिखने वाले फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के झांसे में आ रहे हैं। ये कंपनियां ज्यादा मुनाफे का लालच देती हैं। दल्ली राजहरा में 32 लाख, बालोद में 50 लाख की ठगी हो चुकी है। सलाह यही  है कि आप सिर्फ SEBI और RBI से रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें। सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर अधिक लाभ को देखकर किसी अनजान ट्रेडिंग एप में पैसा न लगाएं।

 म्यूल अकाउंट: खाता किराए पर देना पड़ेगा भारी
कुछ बेरोजगार युवा 10-15 हजार रुपए के लालच में अपना बैंक खाता ठगों को दे देते हैं। ठग उस खाते को म्यूल अकाउंट बनाकर उसमें करोड़ों का ट्रांजेक्शन करते हैं और पैसा निकाल लेते हैं। पुलिस की चेतावनी अकाउंट आपका, आईडी आपकी। कानूनी जिम्मेदारी भी आपकी होगी। बालोद जिले में 17-18 म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अपना खाता किसी को न दें।
सिम कार्ड फ्रॉड: डबल थंब से बचें
सिम खरीदते समय दुकानदार आपसे अंगूठा लगवाता है और सेल्फी लेता है। कई बार दुकानदार “थंब मैच नहीं हुआ” कहकर 2-3 बार अंगूठा लगवा लेता है और अतिरिक्त सिम एक्टिवेट कर साइबर अपराधियों को बेच देता है। बचाव  के लिए सिम लेते समय एक ही बार थंब इंप्रेशन और फोटो दें। यदि दुकानदार दोबारा मांगता है तो सवाल जरूर करें।

 फर्जी कस्टमर केयर नंबर से ठगी
ऑनलाइन सामान मंगवाने पर समस्या होने पर लोग गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च करते हैं। ठगों ने फर्जी नंबर डाल रखे हैं। कॉल करते ही वे OTP या बैंक डिटेल मांगकर खाता खाली कर देते हैं। इसका पहचान कैसे करें असली कंपनी की वेबसाइट हैवी होती है, डाटा ज्यादा MB का होता है। फर्जी वेबसाइट हल्की होती है और सर्च में सबसे ऊपर दिखती है। सलाह यही है कि हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ही नंबर लें। COD यानी सामान चेक कर पैसा देने का विकल्प चुनें।
सोशल मीडिया पर अनजान दोस्ती खतरनाक
उन्होंने ने बताया कि बच्चे और बड़े भी इंस्टाग्राम, फेसबुक पर अनजान लोगों से दोस्ती कर लेते हैं और निजी फोटो, आईडी शेयर कर देते हैं। इससे ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाएं होती हैं। अनजान से चैट न करें, निजी जानकारी साझा न करें।

जिला पुलिस का उद्देश्य बालोद को ‘जीरो साइबर क्राइम जिला’ बनाना है। इसके लिए जनता का सहयोग जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी से आप बड़ी ठगी से बच सकते हैं।
हमारा दल्ली राजहरा -एक निष्पक्ष समाचार चैनल “  का बालोद पुलिस के अभियान को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास ,आप भी आगे आइए और  साइबर ठगी मुक्त जिला बनाने में सहयोग करें ।

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!