दल्ली राजहरा शुक्रवार 31 जुलाई 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

नगर में अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर मजदूर नेता संजय सिंह का आमरण अनशन पुलिस-प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद बुधवार को समाप्त हो गया।

संजय सिंह ने 27 जुलाई से इंटक कार्यालय के सामने अनशन शुरू किया था। उनकी मांग थी कि नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे अवैध शराब कारोबार को तत्काल बंद किया जाए और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

प्रशासन ने कार्रवाई का दिया आश्वासन 

 

अनशन के दौरान प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर के विभिन्न वार्डों में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में नगर में अवैध शराब बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में एक आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 129 के तहत निगरानी संबंधी कार्रवाई भी की गई है।

 

प्रशासन के आश्वासन के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रतिराम कोसमा, इंटक केंद्रीय अध्यक्ष अभय सिंह, जिला कांग्रेस महामंत्री रवि जायसवाल, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, गौरीशंकर सिंह और रामलाल यादव ने संजय सिंह को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया।

 

इस कार्रवाई में डौंडी तहसीलदार देवेंद्र कुमार नेताम, सीएसपी वी.के. पटले, नगर निरीक्षक अविनाश सिंह और सब इंस्पेक्टर पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

जनसमर्थन से मिली सफलता ।

 

अनशन की सफलता पर शहर में हर्ष का माहौल है। विशेषकर महिलाओं और युवाओं ने राहत व्यक्त की है। संजय सिंह का कहना है कि उन्होंने यह संघर्ष अकेले शुरू किया था, लेकिन नगरवासियों, सामाजिक संगठनों, श्रमिक संगठनों और जन मुक्ति मोर्चा के लगातार समर्थन से इसे ताकत मिली।

 

संजय सिंह ने कहा कि नगर की जनता के हित में उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाई जाती रहेगी।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!