दल्ली राजहरा शनिवार 15 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893765541

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं छत्तीसगढ़ राज्य खदान श्रमिक संघ के स्थानीय कार्यालय मोजेस भवन में राष्ट्रीय पर्व अत्यंत गरिमामय और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी और श्रमिक संघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाकपा के जिला सचिव कॉमरेड अनिल यादव रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड अनिल यादव और श्रमिक संघ अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा द्वारा कार्यालय में स्थापित भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया और उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के पश्चात राजेंद्र बेहरा के नेतृत्व में “भारत माता की जय” और “इंकलाब जिंदाबाद” के गगनभेदी नारे लगे। नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेते हुए सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत गाए।

 “शहीदों के आदर्शों पर चलना ही असली श्रद्धांजलि” – अनिल यादव

 

इस अवसर पर जिला सचिव कॉमरेड अनिल यादव ने कहा कि हमें जो आजादी मिली है वह महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनकी कुर्बानी को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना हम सभी का कर्तव्य है। शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए हमें जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर काम करना होगा।

कार्यक्रम में श्रमिक संघ अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा, अजय नारायण मिश्रा, गौतम बेरा, इन्द्र कुमार साहू, नसीम कुरैशी, विजेंदर, राजेंदर, अमरीक सिंह, हरिशंकर राव, आर.के. सोनटेके, बलवंत, दुबे जी, पंकज ताम्रकार, जोहन, चंद्रभान, युवराज, अमन एवं रौनक सहित बड़ी संख्या में भाकपा पदाधिकारी, खदान श्रमिक संघ के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

समापन में सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश में सामाजिक सद्भाव और भाईचारा मजबूत करने का संकल्प लिया।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!