दल्ली राजहरा शुक्रवार 21 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

नशामुक्त भारत अभियान एवं मिशन स्पंदन के तहत दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में संचालित “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान” के अंतर्गत निषाद समाज भवन, दल्ली राजहरा में एक भव्य एवं प्रेरणा दायी नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुषों ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ और संस्कार युक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।

छत्तीसगढ़ रत्न डॉ. शिरोमणि माथुर रहे मुख्य अतिथि

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ रत्न डॉ. शिरोमणि माथुर रहे, जबकि अध्यक्षता ब्रह्मा कुमारीज दल्ली राजहरा की संचालिका ब्रह्माकुमारी पूर्णिमा बहन जी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ निषाद समाज के संरक्षक एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष काशीराम निषाद के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि नशे की आदत को जड़ से खत्म करने के लिए पूरे समाज को एकजुट होना पड़ेगा।

मुख्य अतिथि ने कहा – नशा सोच और परिवार दोनों बर्बाद करता है ।

 

अपने प्रेरणा दायी उद्बोधन में डॉ. शिरोमणि माथुर ने कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि व्यक्ति की सोच, परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। नशा मुक्ति के संकल्प से ही स्वस्थ एवं सशक्त भारत का निर्माण होगा। उन्होंने लोगों से अच्छे विचार, श्रेष्ठ साहित्य और सत्संग को जीवन में स्थान देने का आह्वान किया।

ब्रह्माकुमारी पूर्णिमा बहन का मूल मंत्र ।

 

अध्यक्षता कर रहीं ब्रह्माकुमारी पूर्णिमा बहन जी ने कहा कि यह अभियान विकसित भारत की ओर एक सशक्त कदम है। उन्होंने उपस्थित जनों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाते हुए प्रेरक संदेश दिया – “कमजोर बनने का नशा छोड़िए, श्रेष्ठ बनने का नशा लीजिए।” उन्होंने कहा कि राजयोग अभ्यास से मानसिक संतुलन और आत्म-नियंत्रण मिलता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा, योग और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।

अध्यक्ष घनश्याम पारकर बोले – नशा भविष्य छीन लेता है ।

 

निषाद समाज के अध्यक्ष घनश्याम पारकर ने कहा कि नशा केवल शरीर को नहीं, बल्कि निर्णय लेने की शक्ति को कमजोर करता है। यह परिवार का सुख, मेहनत की कमाई और रिश्तों का विश्वास छीन लेता है और सबसे बड़ी बात – नशा व्यक्ति का भविष्य छीन लेता है। नशामुक्त समाज बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का सफल संचालन घनश्याम पारकर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा कल्याणी निषाद ने किया।

इस अवसर पर ढाल सिंह निषाद,  देवन्तीन पारकर,  फूलचंद निषाद,  गोपी निषाद, जोहन निषाद, रामेश्वरी कैवर्त्य, रेखा पारकर, तामेश्वर निषाद, मंगल निषाद, दीपक निषाद, शिशुपाल निषाद सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!