दल्ली राजहरा शनिवार 19 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541
 नगर के विकास में सबसे बड़ी बाधा बन रही बीएसपी की अनुपयोगी 130 एकड़ जमीन को राजस्व विभाग में शामिल करने को लेकर नगरपालिका परिषद दल्लीराजहरा ने बड़ी पहल की है। नगरपालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने आज भानुप्रतापपुर विश्रामगृह में कांकेर लोकसभा सांसद माननीय भोजराज नाग से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा और नगर के विकास पर विशेष चर्चा की।

 

नपा अध्यक्ष साहू ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 5, 7, 9, 10, 13, 16, 17 और 23 में बीएसपी की अनुपयोगी जमीन है। इन वार्डों में 15 हजार से अधिक की आबादी बेहद सघन बस्ती में निवास करती है। यहाँ के निवासी पिछले 50 वर्षों से रह रहे हैं और दल्ली माइंस, राजहरा माइंस, महामाया माइंस, कलवर माइंस, नागूर और दुलकी माइंस में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहकर उत्पादन में विशेष योगदान दे रहे हैं।

साहू ने बताया कि नगरपालिका द्वारा इन वार्डों में बिजली, पानी, सीसी रोड और नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं तो उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन जमीन बीएसपी की होने के कारण किसी भी बड़े विकास कार्य के लिए बीएसपी से NOC लेना पड़ता है, जिससे शासन की कई योजनाओं का लाभ इन वार्डवासियों को नहीं मिल पा रहा है। झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे आदिवासी और मजदूर वर्ग के लोगों को इसका सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

 

गौरतलब है कि 8 मार्च 1993 को भिलाई स्टील प्लांट माइंस के अधिकारियों द्वारा कुल 400 एकड़ अनुपयोगी जमीन का सर्वे किया गया था, जिसमें से 270 एकड़ जमीन राजस्व विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है, लेकिन शेष 130 एकड़ जमीन आज भी बीएसपी के पास है जो बीएसपी और शहरवासियों दोनों के लिए ही अनुपयोगी है और न ही इस क्षेत्र में माइंस का कोई विस्तारीकरण हो रहा है।

 

इस पर सांसद भोजराज नाग ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वस्त किया कि वे इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर केंद्रीय इस्पात मंत्री और सेल प्रबंधन से प्रमुखता से बात करेंगे और इस जमीन को जल्द से जल्द राजस्व में हस्तांतरित कराने का पूरा प्रयास करेंगे।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!