दल्ली राजहरा शुक्रवार 09 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 वार्ड क्रमांक 9 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 54 में आज पोषण माह समापन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पोषण जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती झूना बाई देवांगन उपस्थित रहीं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से एएनएम आशा सोनी, महिला एवं बाल विकास विभाग की पंडरदल्ली सेक्टर सुपरवाइजर किरण नायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन बहनें, वार्डवासी एवं आंगनबाड़ी की हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

पोषण माह समापन के अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर किरण नायक ने उपस्थित महिलाओं और हितग्राहियों को बाल विवाह की रोकथाम, महतारी वंदन योजना के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं – नोनी सुरक्षा योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में भी बताया। उन्होंने छोटे बच्चों में होने वाले कुपोषण के कारणों, लक्षणों और इससे बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला और संतुलित आहार के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम का एक भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब केंद्र क्रमांक 54 की कार्यकर्ता श्रीमती मनीषा पटेल ने अपने बेटे के जन्मदिन के अवसर पर आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया। उनके इस स्नेह भरे कदम की सभी ने सराहना की।

समारोह के दौरान दो रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। व्यंजन प्रतियोगिता में पोषक तत्वों से भरपूर व्यंजनों की प्रस्तुति की गई, जिसमें निधि देवांगन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मोमबत्ती जलाओ प्रतियोगिता में लोकेश्वरी साहू ने बाजी मारी और प्रथम रही। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम में पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए सभी ने सुपोषित और स्वस्थ समाज बनाने का संकल्प लिया।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!