दल्ली राजहरा  बुधवार 21 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541
नवदुर्गा उत्सव समिति, गणेश चौक पंडर दल्ली
100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान,

 

स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन

 वार्ड क्रमांक 02, गणेश चौक पंडर स्थित नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष माँ दुर्गा उत्सव का 17वाँ वर्ष बड़े ही धूमधाम, भक्ति और अनोखे अंदाज में मनाया गया। समिति ने उत्सव को केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रखकर इसे सामाजिक सम्मान और सांस्कृतिक चेतना का पर्व बना दिया।

नागरिकों का सम्मान बना आकर्षण का केंद्र

 

समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 02 एवं 09 के 100 से अधिक विशेष वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। महिला और पुरुष, सभी वर्ग के उन लोगों को श्रीफल और गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने वार्ड को स्वच्छ, सुंदर, बेहतरीन और भाईचारे की भावना के साथ एक परिवार की तरह बनाए रखने में अपना अमूल्य योगदान दिया है। यह सम्मान इस बात का प्रतीक था कि वार्ड की सुंदरता केवल समिति से नहीं, बल्कि इन बुजुर्गों के संस्कारों से है।

महाअष्टमी पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति की धूम

 

महाअष्टमी की रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में “मोर मन के सुवा डांस ग्रुप, ग्राम माहुद, अंबागढ़ चौकी” के स्कूली बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

बच्चों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, अस्मिता और विभिन्न पर्वों पर आधारित गीतों पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। दर्शक बच्चों की कला को देखकर दंग रह गए।

 

रिकॉर्डिंग डांस ग्रुप के संचालक लखन दास सार्वा ने बताया कि ग्रुप के सभी बच्चे बहुत होनहार हैं, इनका परीक्षा परिणाम हर वर्ष प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होते हैं ।बच्चे कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विज्ञान और गणित विषय के छात्र हैं। ग्रुप का मुख्य फोकस पढ़ाई पर ही रहता है, लेकिन बच्चों के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास के लिए उन्हें कला से भी जोड़ा गया है।
समिति के अध्यक्ष सोमेश जायसवाल ने कहा कि बच्चों का संचालन और प्रस्तुति इतनी बेहतरीन थी कि बड़े-बड़े प्रोफेशनल कलाकार भी उनके सामने बौने साबित हो गए। जिस तरह बच्चों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति को मंच पर जीवंत किया, वह अविस्मरणीय है और हमारे वार्ड के बच्चों को भी उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला।
पिछले एक माह से चल रही तैयारियों और 9 दिनों तक माँ की सेवा के पश्चात आज विसर्जन के साथ इस वर्ष का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अध्यक्ष सोमेश जायसवाल ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों, दानदाताओं और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बना रहेगा।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!