दल्ली राजहरा शनिवार 31 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541 सरदार पटेल जयंती पर मिली ऐतिहासिक उपलब्धि, संसद टीवी पर LIVE आई बेटी की आवाज बालोद जिले के डौंडी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुसुमकसा के लिए आज का दिन शिक्षा जगत में गौरव और हर्ष का अवसर बन गया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुसुमकसा की होनहार छात्रा वंशिका सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर लोकसभा भवन, नई दिल्ली के सेंट्रल हॉल – संविधान सदन में अपने विचार प्रस्तुत कर पूरे अंचल को गौरवान्वित किया है। वंशिका की इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।https://hamaradallirajhara.in/wp-content/uploads/2026/10/VID-20261031-WA0024.mp4देश के लोकतंत्र के सर्वोच्च सदनों में से एक लोकसभा भवन में पहुंचकर अपने विचार प्रस्तुत करना किसी भी विद्यार्थी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। वंशिका सिंह ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास से यह उपलब्धि हासिल कर यह साबित किया है कि छोटे गांवों की बेटियां भी बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। क्या बोली वंशिका दिल्ली में ? संसद टीवी पर LIVE प्रसारण में वंशिका सिंह ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा “मैं वंशिका सिंह, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुसुमकसा, बालोद, छत्तीसगढ़ की छात्रा, आज सरदार वल्लभभाई पटेल जी को श्रद्धांजलि देने के लिए गर्व महसूस कर रही हूं।” वंशिका ने बताया कि सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था। उन्होंने 560 से अधिक रियासतों को भारतीय संघ में मिलाकर देश को एक सूत्र में पिरोया। बारडोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व के कारण ही उन्हें सरदार की उपाधि मिली। गुजरात में श्वेत क्रांति, जिसे आज हम अमूल के नाम से जानते हैं, उसका श्रेय भी सरदार पटेल को ही जाता है।वंशिका ने छत्तीसगढ़ का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी राष्ट्रीय एकता की इस ऐतिहासिक यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। कांकेर और कवर्धा जैसी रियासतें इसी प्रक्रिया से स्वतंत्र भारत का हिस्सा बनीं। अपने भाषण के अंत में वंशिका ने सभी से आह्वान किया – “आइए, आज हम सब संकल्प लें कि जिस एकता को बनाने के लिए उन्होंने इतनी मेहनत की, उसे हम बनाए रखेंगे। जय हिंद, जय भारत, जय छत्तीसगढ़।” वंशिका के इतना कहते ही सेंट्रल हॉल तालियों से गूंज उठा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जनपद पंचायत डौंडी की सभापति मंजू संजय बैस एवं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. नसीम खान ने वंशिका सिंह को बधाई देते हुए कहा कि वंशिका ने सिर्फ अपने स्कूल और गांव का ही नहीं, बल्कि पूरे बालोद जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कुसुमकसा के हर बच्चे के लिए प्रेरणा है कि मेहनत और लगन से गांव का बच्चा भी दिल्ली के सबसे बड़े मंच तक पहुंच सकता है। गांव में जैसे ही संसद टीवी पर वंशिका का भाषण LIVE आया, घर-घर में खुशी छा गई। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और कहा – “ये तो हमारे कुसुमकसा की बेटी है।”Spread the lovePost navigationदल्ली राजहरा में आज याद किए गए इंदिरा गांधी और सरदार पटेल अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतिराम कोसमा बोले – दोनों नेता आज भी प्रेरणास्रोत । तहसील साहू संघ दल्ली राजहरा की कार्यशाला एवं आम सभा संपन्न, एकता – शिक्षा – राजनीति पर मंथन ।