21 साल बाद ऑस्कर में भारत की फिल्म छेल्लो शो को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। ये गुजराती फिल्म भारत की तरफ से ऑस्कर की ऑफिशियल एंट्री थी। 2001 में लगान के बाद अब तक ऑस्कर में किसी भारतीय फिल्म को इस कैटेगरी में नॉमिनेशन नहीं मिला है।

अगर छेल्लो शो अंतिम टॉप 5 फिल्मों में जगह बना लेती है तो इसके ऑस्कर जीतने की संभावना बन सकती है। इसके साथ ही एसएस राजामौली की फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू (नाचो-नाचो) को भी बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में शॉर्टलिस्ट किया गया है।

बुधवार (21 दिसंबर) को ऑस्कर की 10 कैटेगरी के लिए शॉर्टलिस्ट फिल्मों की अनाउंसमेंट की गई। 95वीं ऑस्कर सेरेमनी 12 मार्च, 2023 को लॉस एंजिलिस में होगी।

ऑस्कर में एंट्री दिलाने के लिए मेकर्स ने शुरू किया था कैंपेन
RRR को फैंस ने काफी पसंद किया था। इस फिल्म ने इंडिया के साथ-साथ विदेश में भी खूब कमाई की। RRR को पहले ‘बेस्ट फीचर फिल्म कैटेगरी’ के नॉमिनेशन के लिए भेजा गया था, पर किसी वजह से इसे तब नहीं चुना गया। इसके बाद एस.एस. राजामौली ने इसे ऑस्कर में एंट्री दिलाने के लिए कैंपेन शुरू किया था।

फिल्म को विदेशों में भी मिली जबरदस्त पॉपुलैरिटी
RRR केवल बॉक्स ऑफिस पर ही सुपरहिट नहीं थी बल्कि क्रिटिक्स ने भी इस फिल्म को खूब सराहा। फिल्म में राम चरण, जूनियर एनटीआर, अजय देवगन और आलिया भट्ट लीड रोल में थे। इस फिल्म ने 1200 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। वहीं इसे विदेशों में भी काफी पॉपुलैरिटी मिली है। अमेरिका और जापान में इस फिल्म को सबसे ज्यादा पसंद किया गया।

छेल्लो शो को 20 सितंबर को मिली थी ऑफिशियल एंट्री
वहीं छेल्लो शो की बात करें तो ये फिल्म डायरेक्टर और राइटर पान नलिन की सेमी ऑटोबायोग्राफी है। दरअसल, पान नलिन खुद भी सौराष्ट्र के एक गांव में पले-बढ़े हैं और उन्हें फिल्मों से बेहद प्यार रहा। फिल्म की शूटिंग मार्च 2020 में पूरी हुई थी, जिसके ठीक बाद देशभर में लॉकडाउन लगा था। फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम कोरोना महामारी के दौरान पूरा किया गया था। इसे 20 सितंबर को ऑस्कर 2023 के लिए भारत की तरफ से ऑफिशियल एंट्री मिली थी।

ऑस्कर नॉमिनेशन में भेजा गया कांतारा का नाम
इसके साथ ही फिल्म ‘कांतारा’ को ऑस्कर 2023 के लिए नॉमिनेशन के तौर पर भेजा गया है। इसके मेकर्स होम्बले फिल्म्स ने हाल ही में इसकी पुष्टि की है। मेकर्स का कहना है कि उन्होंने अपनी फिल्म कांतारा को लास्ट मोमेंट पर ऑस्कर 2023 के नॉमिनेशन में भेजा है। मेकर्स ने उम्मीद जताई है कि उनकी फिल्म को ऑस्कर के लिए नॉमिनेट कर लिया जाए, जिससे कि लोग फिल्म में दिखाए गए मैसेज को ग्लोबली पहचान मिल पाए।

Spread the love
News Desk

By News Desk

hamaradallirajhara.in "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!