छत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध
सेजेस नया बाजार, राजहरा में मातृ-पितृ दिवस का भव्य आयोजन “माता पिता एवं गुरुजनों की उतारी आरती।”

दल्ली राजहरा
शनिवार 14 फरवरी 2026
भोजराम साहू 9893 765541
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नया बाजार (सेजेस) में मातृ-पितृ दिवस का भव्य एवं विधिवत आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कक्षा 1 से लेकर 12 वीं तक के विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता, समस्त शिक्षक गण एवं प्राचार्य उपस्थित थे ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-विधि द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने अपने घरों से थाली में दीप, पुष्प, गुलाल, चंदन, माला एवं गुलदस्ता लाकर अपने माता-पिता एवं शिक्षकों की आरती उतारी। इस भावपूर्ण दृश्य ने उपस्थित सभी जनों की आंखें नम कर दीं। बच्चों द्वारा माता-पिता के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का यह अद्भुत प्रदर्शन अत्यंत प्रेरणा दायी रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “माता वंदना” गीत की सुमधुर प्रस्तुति दी, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्ति और भावनाओं से भर उठा। विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता को मुंह मीठा कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया। माता-पिता ने भी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं देते हुए स्नेहिल आशीष प्रदान किया।

इस अवसर पर शुभकामना संदेश एवं ग्रीटिंग कार्ड निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं भावपूर्ण कार्ड बनाकर अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम को पूर्णता प्रदान की गई।

प्राचार्य महोदय एवं शिक्षकगणों ने मातृ-पितृ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता हमारे जीवन के प्रथम गुरु होते हैं, जिनके संस्कारों से ही व्यक्ति का व्यक्तित्व निखरता है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन एवं संस्कारों की सराहना की।

गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आयोजित इस वृहद कार्यक्रम में माता-पिता, विद्यार्थी और शिक्षक—सभी भावविभोर हो उठे। अंत में विद्यार्थियों ने इस प्रकार के प्रेरणादायी आयोजन के लिए संपूर्ण विद्यालय परिवार को धन्यवाद ज्ञापित किया। शिक्षकों द्वारा आभार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित पालकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।





