
दल्ली राजहरा
गुरुवार 12 मार्च 2026
भोजराम साहू 9893 765541
भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू के नेतृत्व में भाजपा दल्ली राजहरा के पदाधिकारीयो ने तोरण लाल साहू ( अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा) एवं गोविंद वाधवानी (पूर्व मंडल अध्यक्ष)के हस्ताक्षरकृत ज्ञापन संतोष कुमार भूआर्य (थाना प्रभारी दल्ली राजहरा )को सौंपा है । जिसमें वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद बीरेंद्र साहू पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही एवं क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा व नशीली गोलियों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने के संबंध में जिक्र किया है ।

ज्ञापन में लिखा है कि गत रात्रि वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद बीरेंद्र साहू पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला किया गया है । जो कि अत्यंत निंदनीय एवं चिंताजनक घटना है। एक जनप्रतिनिधि पर इस प्रकार का हमला होना पूरे नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। यदि नगर का जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। विगत कुछ समय से दल्ली राजहरा नगर में असामाजिक तत्वों, शराबियों तथा नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। नगर के विभिन्न वार्डों में खुलेआम अवैध शराब, गांजा एवं नशीली गोलियों की बिक्री की जा रही है, जिससे युवा पीढ़ी और समाज का वातावरण लगातार खराब हो रहा है। इन अवैध गतिविधियों के कारण नगर में अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है।

ज्ञापन में 3 सूत्रीय मांग की गई है ।
👉1. वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद बीरेंद्र साहू पर हुए जानलेवा हमले के सभी आरोपियों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।

👉 2. दल्नी राजहरा नगर के विभिन्न वार्डों में संचालित अवैध शराब कोचियों, गांजा बेचने वालों एवं नशीली गोलियों का अवैध व्यापार करने वाले तत्वों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्यवाही की जाए।

👉3. केवल औपचारिकता (खाना पूर्ति) न करते हुए ऐसे नशे के अवैध कारोबारियों पर स्थायी रूप से रोक लगाने हेतु ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे नगर में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना रहे।

यदि दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र में संचालित इन सभी नशा कारोबारियों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो भारतीय जनता पार्टी राजहरा मंडल द्वारा थाना परिसर के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी। इस गंभीर विषय को संज्ञान में लेते हुए तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।





