दल्ली राजहरा
रविवार 05 जुलाई 2026
भोजराम साहू 9893 765541

 

दल्लीराजहरा में सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता और मरीजों को सही मार्गदर्शन देने के लिए 30 जून 2026 को सिकल मित्र सम्मेलन आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शहीद अस्पताल दल्लीराजहरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा, जिला अस्पताल दुर्ग और जिला अस्पताल बालोद के संयुक्त तत्वावधान में शहीद अस्पताल परिसर में हुआ। शिविर में क्षेत्र के 107 सिकल सेल योद्धाओं और वाहकों का पंजीयन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहीद अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैबल जाना रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिखलाकसा की चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि और डॉ. मेरिया उपस्थित थीं। विशेषज्ञों ने उपस्थित मरीजों और उनके परिजनों को बीमारी के कारण, इलाज और आनुवांशिक परामर्श के महत्व की जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि यह आनुवांशिक बीमारी है। इसे अगली पीढ़ी में जाने से रोकने के लिए विवाह पूर्व युवक-युवतियों की रक्त जांच कराना जरूरी है। सम्मेलन में फिजियोथेरेपी के महत्व पर भी सत्र रखा गया। विशेषज्ञों ने बताया कि सही व्यायाम से मरीजों की शारीरिक क्षमता बढ़ती है।

डॉक्टरों ने सिकल सेल के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें लाल रक्त कोशिकाएं हंसिया के आकार की हो जाती हैं जिससे खून का बहाव रुकता है। बार-बार बुखार, एनीमिया, थकान, पीलिया और बच्चों के विकास में रुकावट इसके मुख्य लक्षण हैं। दर्द के दौरे से बचाव के लिए खूब पानी पीना, तापमान और थकावट से बचना तथा संक्रमण होने पर तुरंत इलाज कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी पीड़ितों को शासन की सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए विशिष्ट विकलांगता पहचान पत्र यूडीआईडी बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यह सम्मेलन मरीजों के लिए चिकित्सा के साथ मानसिक और सामाजिक संबल का मंच बना।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!