दल्ली राजहरा मंगलवार 04 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541 जिले के नए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने पदभार संभालते ही दल्ली राजहरा की कानून व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। पत्रकारों से शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्होंने कहा कि नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारना और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाना उनकी प्राथमिकता है। पत्रकारों ने एसपी को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और नगर की प्रमुख समस्याएं गिनाईं। मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग, ट्रैफिक जाम, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां और अवैध धंधों के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद एसपी किरण चव्हाण ने आश्वासन दिया कि “दल्ली राजहरा की यातायात व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने और बाजार लगने के समय ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों और अतिक्रमण पर भी सख्त कार्रवाई होगी ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो। अवैध धंधों पर बोलते हुए एसपी ने साफ कहा कि “नगर में संचालित असामाजिक और अनैतिक कार्यों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” ऐसे कार्यों में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आगामी लर्निंग लाइसेंस शिविर पर भी चर्चा हुई। एसपी ने शिविर को नागरिकों के लिए उपयोगी बताते हुए नगर पुलिस अधीक्षक को सफल आयोजन के निर्देश दिए और पुलिस विभाग से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। एसपी किरण चव्हाण ने कहा कि बालोद जिले का महत्वपूर्ण नगर होने के कारण दल्ली राजहरा की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। पुलिस आम जनता के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी और हर समस्या पर त्वरित कार्रवाई होगी। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे समाज और पुलिस के बीच सेतु बनकर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें। Spread the lovePost navigationदल्ली राजहरा में धूमधाम से मनाया गया करौली शंकर महादेव का 62वां जन्मोत्सव । जन मुक्ति मोर्चा ने माइंस प्रबंधक को सौंपा 6 सूत्रीय मांग पत्र अलाउंस, मेडिकल सुविधा और बंद काम शुरू करने की मांग ।