दल्ली राजहरा गुरुवार 03 सितंबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

स्वामी आत्मानंद विद्यालय के बच्चों की अनूठी पहल, कहा – पेड़ हैं हमारे सच्चे भाई

 

 रक्षाबंधन का त्यौहार जहाँ भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है, वहीं स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय कुसुमकसा के छात्र-छात्राओं ने इसे प्रकृति से जोड़कर एक नई मिसाल पेश की है।

विद्यालय के बच्चों ने इस पावन पर्व पर एक अनूठी पहल करते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के वृक्षों को स्वयं हाथों से बनाई गई बड़ी-बड़ी रंग-बिरंगी राखियां बांधी और उनकी आजीवन रक्षा करने का संकल्प लिया। बच्चों ने पेड़ों को राखी बांधते हुए कहा कि ये पेड़ ही हमारे सच्चे भाई हैं जो हमें जीवन देते हैं।
अतिथियों ने की बच्चों की पहल की सराहना

 

इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता संजय बैस, कमलकांत साहू, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस एवं शमशेर खान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संजय बैस ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। यदि आज का एक-एक बच्चा एक-एक पेड़ की रक्षा का संकल्प ले ले, तो आने वाले वर्षों में हमारा गांव, हमारा प्रदेश और हमारा देश हरियाली से समृद्ध होगा। पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शीतल छाया, मीठे फल और स्वच्छ वातावरण देते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल पुत्र की तरह करनी चाहिए।”
अन्य अतिथियों कमलकांत साहू, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस और शमशेर खान ने भी विद्यार्थियों की इस रचनात्मक पहल की मुक्तकंठ से सराहना की और पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

सामूहिक संकल्प के साथ हुआ समापन

 

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथ उठाकर सामूहिक संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे, उनकी सुरक्षा करेंगे और गांव-गांव जाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का एक प्रेरणादायी संदेश बताया।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!