दल्ली राजहरा शुक्रवार 18 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के निस्वार्थ जनसेवा के सम्मान में उनके जन्मदिन 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में एक ऐतिहासिक महा-अभियान के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री जी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक के 25 वर्ष के समर्पण को नमन करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा, जिसे पूरे देशवासी एक स्वर्णिम युग की शुरुआत के रूप में देख रहा है ।

इसी कड़ी में लौह नगरी दल्ली राजहरा में नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू के नेतृत्व में सेवा के 25 वर्ष संपर्क अभियान के तहत एक विशाल आयोजन नगर के जैन भवन चौक पर किया गया। इस आयोजन में नगर पालिका परिषद के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर “आशीर्वाद का 10000 दीप” जलाकर उन्हें बेहतरीन स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की गई।

नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के द्वारा प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जैन भवन चौक पर एक बेहतरीन आयोजन किया गया था। जहां विशाल मंच में प्रधानमंत्री के रूप में किए गए उनके कार्यों को चित्र के द्वारा दर्शाया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल कैशलेस युग, ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर, उज्ज्वला योजना, विकसित भारत, किसान समृद्धि, वंदे भारत, बालिका सुरक्षा जैसे कई देशहित में चलाई गई योजनाओं को पोस्टर के माध्यम से नगरवासियों के समक्ष रखा गया था।

छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत से हुई शुरुआत

 

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ के साथ की गई, जहां सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों के द्वारा इस गीत पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई। प्रसिद्ध लोक गायिका टी. ज्योति के द्वारा “अरपा पैरी के धार” गाकर दर्शकों का मन मोह लिया गया। इसके बाद नगर पालिका परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया।
अतिथियों ने रखे विचार

 

श्री तोरण लाल साहू, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद दल्ली-राजहरा –
ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प हेतु बालोद जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। दल्ली-राजहरा के जैन भवन चौक में 17 सितंबर शाम को 10,000 दीपों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। उन्होंने नगरवासियों से इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए धन्यवाद दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि आज हमारे देश के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन है जिसे पूरा देश सेवा संकल्प दिवस के रूप में मना रहा है। माननीय मोदी जी की सरकार द्वारा नगर में जो कार्य नहीं हो पाए हैं, वह बड़े-बड़े काम करवाने के लिए हमारे पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, व्यापारीगण एवं विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों के साथ आने वाले दिनों में एक विशेष बैठक की जाएगी, जो राजहरा के विकास की दिशा में अभूतपूर्व काम होगा। पहले काम जमीन विकास का था, बहुत प्रयास के बाद 270 एकड़ जमीन हमें मिली थी, जिसमें विष्णु देव साय सरकार के माध्यम से पट्टा देने का निर्णय लिया गया है। नल-जल योजना का कार्य 70% पूर्ण हो चुका है, जल्द ही नगरवासियों को पीने का साफ पानी मिलेगा। बीएसपी अस्पताल के पास 5 एकड़ जमीन चिन्हांकित की गई है, जहां पर 100 बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा, साथ ही केंद्रीय विद्यालय की भी प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है, जल्द ही केंद्रीय विद्यालय भी नगर में खोला जाएगा।

सौरभ लूनिया, जिला महामंत्री भाजपा –
ने कहा कि पूरा देश सेवा संकल्प अभियान मना रहा है। निश्चित ही देश के प्रधानमंत्री आदरणीय मोदी जी के देश के प्रति सेवा और उनके सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। पहले गुजरात में नरेंद्र मोदी जी मुख्यमंत्री रहे, उसके बाद अभी देश में प्रधानमंत्री हैं। 25 वर्ष, इससे पहले वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे, उनके राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस कारण देश उनकी सेवा का सम्मान करते हुए सेवा संकल्प अभियान मना रहा है। हम गौरवशाली हैं जो हमें ऐसे प्रधानमंत्री मिले, जिन्होंने देश की सेवा करने की शपथ ली, उस दिन से एक दिन भी उन्होंने छुट्टी नहीं ली। हम आज उन्हें लंबी आयु और दीर्घायु होने का आशीर्वाद देने के लिए आशीर्वाद का दीपक जला रहे हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा
कि आज का दिन हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन है। मोदी जी ने विश्व में देश का नाम रोशन किया है। हर क्षेत्र में देश का मान बढ़ाया है। मोदी जी ने देश के विकास की दिशा में बेहतरीन कार्य किए हैं। 2014 से पहले देश की स्थिति क्या थी और 2014 के बाद देश चाहे वैज्ञानिक रूप में हो, बेरोजगारों को रोजगार देने की बात हो, हर क्षेत्र में विशेष काम किया है।
पुरोबी वर्मा, अध्यक्ष सर्व समाज समरसता समिति –
ने कहा कि आज विश्व के रचयिता भगवान विश्वकर्मा की हमने पूजा की है और आज ही सृष्टि को संभालने का संकल्प लिए माननीय मोदी जी का जन्मदिन है। हम सब उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए, उनके दीर्घायु होने के लिए कम से कम एक दीया अवश्य जलाएं और उनकी उत्तम स्वास्थ्य की कामना करें।
बच्चों ने दी आकर्षक प्रस्तुति

 

कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र-छात्राओं के द्वारा भूमिका शर्मा के नेतृत्व में कृतिका, काव्या, नवजीत, छवि, दर्शना, डिंपी, रिद्धि और युक्ति ने छत्तीसगढ़ संस्कृति का संपूर्ण दर्शन अपने मिक्स गीत के माध्यम से बेहतरीन प्रस्तुति देकर किया।
वहीं सरस्वती शिशु मंदिर के छात्राओं ने योग के विभिन्न आसनों की बेहतरीन प्रस्तुति मंच पर दी ।
तथा डीएवी इस्पात जूनियर विंग के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत की योजनाओं और उनके द्वारा किए गए कार्यों को मंच पर जीवंत प्रस्तुति दी।
10000 दीपों के साथ लौह नगरी ने की सुखमय जीवन की कामना

 

जैन भवन चौक को पूरी तरह से दीपों से सजाया गया था, वहीं विकसित भारत का नक्शा बनाकर उसे दीपों के माध्यम से सजाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा विकसित भारत-2047 की कामना को लेकर की जा रही योजनाओं को भी थर्माकोल के माध्यम से बेहतरीन ढंग से बताया गया था, जिसमें प्रमुख रूप से महिला शिक्षा, मेक इन इंडिया, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, किसान, उज्ज्वला, आत्मनिर्भर आवास एवं सुरक्षा था।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों के द्वारा भारत माता की आरती भी की गई। अंत में पार्षद एवं लोक गायिका टी. ज्योति के द्वारा वंदे मातरम गायन के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन रेखू राम साहू स्वास्थ्य सुपरवाइजर एवं पार्षद टी. ज्योति के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री सौरभ लूनिया नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू उपाध्यक्ष मनोज दुबे भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू , पी आई सी मेंबर , नगर पालिका के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, नगर पालिका के सभी पार्षद गण भाजपा के कार्यकर्ता व्यापारी गण सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में नगर वासी उपस्थित थे ।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!