दल्ली राजहरा मंगलवार 22 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 गांव के नजदीक भालू छोड़े जाने के मामले में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। मामले को लेकर डौण्डी वन परिक्षेत्र के रेंजर जीवन भोंडेकर को हटाने और उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों की जांच की मांग तेज हो गई है। पांच पंचायतों के सरपंचों और जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने वन मंत्री के नाम तहसीलदार को चार पेज का ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला…?
दरअसल बीते 14 सितंबर को वन विभाग की टीम ने बालोद जिले के रानीमाई मंदिर के पास से एक भालू को पकड़ा था। आरोप है कि पकड़े गए भालू को डौण्डी वन परिक्षेत्र के मरदेल गांव के नजदीक जंगल में छोड़ दिया गया। गांव के करीब भालू छोड़े जाने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी फैल गई।

 

ग्रामीणों का कहना है कि भालू को गांव के नजदीक छोड़ने से उनकी जान-माल और मवेशियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। इसी बात को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के तीन रेंजरों और उनके कर्मचारियों को रोक लिया था और घंटों घेराव कर हंगामा किया था। स्थिति बिगड़ता देख बालोद एसडीओ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया।

24 घंटे का आश्वासन, अब तक नहीं पकड़ा गया भालू
बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान वन विभाग की ओर से 24 घंटे के भीतर भालू को दोबारा पकड़ने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक कई दिन बीत जाने के बाद भी भालू को नहीं पकड़ा जा सका है। घटना के समय डौण्डी रेंजर जीवन भोंडेकर के मौके पर नहीं पहुंचने से भी ग्रामीणों में और अधिक नाराजगी है। उस दौरान ग्रामीणों ने रेंजर को हटाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी भी की थी।

जनप्रतिनिधियों ने दी आंदोलन की चेतावनी ।
आश्वासन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से अब जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी है। जनप्रतिनिधियों ने ज्ञापन में रेंजर जीवन भोंडेकर को तत्काल हटाने, उनके द्वारा किए गए कार्यों की जांच और पूर्व में लगे आरोपों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

 

साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और मुख्य सड़क पर चक्काजाम किया जाएगा।

 

फिलहाल भालू के गांव के आसपास होने की आशंका से ग्रामीण दहशत में हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों के ज्ञापन के बाद अब वन विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी है।

ज्ञापन सौंपने में ये रहे उपस्थित

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी, जनपद उपाध्यक्ष भोला राम नेताम, जनपद सदस्य साधना सोरी, मरदेल सरपंच मानकी कोमरे, सुरडोंगर सरपंच तारा देवी, दर्रा सरपंच ज्ञानेश्वरी नेताम, नारालगुड़ा सरपंच वाधना ठाकुर, खैरवाही सरपंच हिंसा राम साहू, भाजपा मंडल महामंत्री महावीर ठाकुर, महामंत्री किशोर साहू, सुरडोंगर उपसरपंच मानसिंह, दर्रा उपसरपंच नारालगुड़ा धर्मेंद्र मांडवी, चिहरों उपसरपंच देव कोर्राम, गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन ब्लॉक अध्यक्ष राकेश दर्रा, ज्ञानसिंग कोरेटी, सर्वेश नेताम, निरेसिंग मांडवी, जितेन्द्र आचला, मुनेश कोसमा, रितेश कोमरा, प्रशांत ठाकुर, ताम्रध्वज साहू, शिव दयाल साहू, दिवाकर कोरेटी, नवनीत यादव, डोमन साहू, पति राम नरेटी, बीरेंद्र मांडवी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!