दल्ली राजहरा गुरुवार 01 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

कुसुमकसा क्षेत्र की जनता के लिए एक अच्छी खबर है। विधायक प्रतिनिधि पियूष सोनी और जनपद सदस्य कुसुमकसा संजय मंजू बैस की मांग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसुमकसा में पदस्थ डॉ. आशी जैन को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बालोद द्वारा पुनः कुसुमकसा में ही पदस्थ कर दिया गया है।

 

विदित हो कि 24 सितंबर को डौंडी के जनपद पंचायत कार्यालय के सभागार में साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में कुसुमकसा क्षेत्र की जनपद सदस्य मंजू बैस ने प्रमुखता के साथ यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसुमकसा में पदस्थ सुश्री डॉ. आशी जैन का स्थानांतरण अन्यत्र किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई थी और उक्त चिकित्सक का स्थानांतरण पुनः कुसुमकसा में ही किए जाने की मांग की थी।

जनपद सदस्य मंजू बैस की इस मांग का समर्थन करते हुए विधायक प्रतिनिधि पियूष सोनी ने तत्काल दूरभाष पर जिला चिकित्सा अधिकारी से बात की। जिला चिकित्सा अधिकारी ने 10 दिनों के भीतर उक्त चिकित्सक का स्थानांतरण पुनः कुसुमकसा में कर दिए जाने का आश्वासन दिया था।

 

अपने वादे के अनुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बालोद ने 29 सितंबर को आदेश जारी करते हुए डॉ. आशी जैन को पुनः कुसुमकसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर दिया है।

इस निर्णय से कुसुमकसा क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है, क्योंकि डॉ. आशी जैन की सेवाओं से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को काफी लाभ मिल रहा था। जनप्रतिनिधियों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!