दल्ली राजहरा बुधवार 28 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 गांव की मिट्टी में पली-बढ़ी बेटियां जब दिल्ली के लोकसभा भवन तक पहुंच जाएं – तो समझिए – प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती!

बालोद जिले के डौंडी विकासखंड के छोटे से गांव कुसुमकसा की तीन होनहार बेटियों ने ऐसा ही कर दिखाया है। अब पूरा कुसुमकसा, पूरा बालोद जिला गर्व से कह रहा है – हमारी बेटियां दिल्ली जा रही हैं!

 

. लक्ष्मी मानिकपुरी – विज्ञान की बेटी

सेजेस स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, कुसुमकसा की छात्रा लक्ष्मी मानिकपुरी ने राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अब सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर लोकसभा भवन में सम्मानित होंगी।

 

 खुशी विश्वकर्मा – जिला प्रथम से राष्ट्रीय सम्मान तक

इसी स्कूल की छात्रा खुशी विश्वकर्मा की कहानी तो और भी बड़ी है।इससे पहले कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। अब राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लोकसभा भवन में सम्मानित होंगी। पढ़ाई में नंबर 1 – विज्ञान में भी नंबर 1!

 

. वंशिका सिंह – देश के 12 बच्चों में चयन – लोकसभा में रखेंगी विचार

कुसुम पब्लिक स्कूल, कुसुमकसा की छात्रा वंशिका सिंह का चयन देशभर से चुने गए मात्र 12 बच्चों में हुआ है। प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रिपरिषद एवं सांसदों की गरिमा मयी उपस्थिति वाले इस प्रतिष्ठित मंच पर वंशिका अपने विचार प्रस्तुत करेंगी। वंशिका, कुसुम पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री आर.के. सिंह की पुत्री हैं।

 

शिक्षकों के मार्गदर्शन ने निखारी प्रतिभा

 

इन उपलब्धियों के पीछे विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों का मार्गदर्शन भी है। सेजेस स्वामी आत्मानंद स्कूल की शिक्षिका सुश्री सोनल गुप्ता के परिश्रम, समर्पण एवं कुशल मार्गदर्शन की हर जगह सराहना हो रही है। विद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रयासों से विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

संजय बैस एवं मंजू बैस ने दी बधाई

 

पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस एवं जनपद पंचायत डौंडी की सभापति मंजू बैस ने तीनों बेटियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा – ग्रामीण अंचल की बेटियों का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। तीनों बेटियों के माता-पिता, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को भी बधाई।

उन्होंने कहा – इन बेटियों की सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। बेटियों को उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

 

 आज कुसुमकसा की बेटियां लोकसभा भवन में सम्मान और विचारों के माध्यम से क्षेत्र का मान बढ़ाने जा रही हैं। ये आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी।

कुसुमकसा की बेटियों को – बहुत-बहुत बधाई! 💐
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!