दल्ली राजहरा मंगल वार 01 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

कुम्हार मंशाराम की पत्नी बोलीं – विष्णु भैया ने दिया पक्का आवास, अब बारिश में नही खराब होंगे खिलौने 
 कहते हैं पक्का घर सिर्फ चार दीवारें नहीं, बल्कि एक परिवार के सम्मान, सुरक्षा और सपनों की नींव होता है। ऐसा ही सपना सुदूर वनांचल में बसे ग्राम कुमुड़कट्टा की रामकली का भी था, जो आखिरकार प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से साकार हो गया है।

बालोद जिले के डौण्डी विकासखण्ड का कुमुड़कट्टा गांव आज भी वनांचल की गोद में बसा हुआ है। यहां पारंपरिक रूप से कुम्हार का कार्य करने वाले मंशाराम और उनकी पत्नी रामकली वर्षों से कच्चे और जर्जर मकान में जीवन यापन कर रहे थे। मंशाराम सुबह से शाम तक मिट्टी को आकार देकर दीये, मटके, मूर्तियां और खिलौने बनाते, तो रामकली उनका साथ देतीं।

 

लेकिन हर साल बारिश का मौसम उनके लिए आफत लेकर आता था। छत टपकती थी, घर में सीलन आ जाती थी और महीनों की मेहनत से बनाए गए कच्चे मिट्टी के उत्पाद बारिश के पानी में गलकर खराब हो जाते थे। तीज-त्योहार का सीजन जो उनकी कमाई का मुख्य समय होता है, वही सबसे बड़ी चिंता का कारण बन जाता था। उम्र के इस पड़ाव में अपने बलबूते पक्का मकान बनाना उनके लिए असंभव सा सपना था।

पीएम आवास ने बदली तकदीर

 

तभी छत्तीसगढ़ शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण उनके लिए वरदान बनकर आई। शासन से मिली सहायता राशि और अपनी थोड़ी जमा पूंजी मिलाकर मंशाराम ने एक मजबूत और सुंदर पक्का मकान तैयार कर लिया। आज उनके घर में न टपकता पानी है, न सीलन का डर। अब वे सुरक्षित छत के नीचे बैठकर बिना किसी मौसमी रुकावट के मिट्टी के उत्पाद तैयार कर अपनी आमदनी दोगुनी कर रहे हैं।

शासन की योजनाओं के त्रिवेणी संगम से मिली नई उड़ान

 

मंशाराम के परिवार को केवल आवास ही नहीं, बल्कि शासन की तीन जनकल्याणकारी योजनाओं का त्रिवेणी संगम मिला है –

 

1. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण – जिससे उन्हें सुरक्षित छत और अपने पुश्तैनी कुम्हारी कार्य को बेहतर ढंग से करने की सुविधा मिली।

 

2. पं. दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना – भूमिहीन होने के कारण इस योजना के तहत उन्हें प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सुनिश्चित हो रही है।

 

3. महतारी वंदन योजना – पत्नी रामकली को इस योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक संबलता मिल रही है, जिससे घर के रोजमर्रा के खर्चों में बड़ी मदद मिल रही है।

 

रामकली ने कहा – विष्णु भैया को धन्यवाद !

 

अपने नए पक्के आशियाने में बैठी रामकली की आंखों में खुशी साफ झलकती है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वर्षों से कच्चे मकान में बड़ी मुश्किलों के बीच काम कर रहे थे। बारिश में सोना भी मुश्किल हो जाता था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में पक्का आवास और महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने से हमारी जिंदगी आसान हो गई है। योजनाओं का लाभ देने के लिए विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद।

 

आज मंशाराम का परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के इस पक्के घर में स्वाभिमान और आर्थिक स्थिरता के साथ अपनी आजीविका संवार रहा है और अपने पारंपरिक शिल्प को नई पहचान दे रहा है।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!