दल्ली राजहरा सोमवार 07 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

विजेताओं को मिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश, चयनित खिलाड़ी करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व ।

 

 छत्तीसगढ़ राज्य योगासन संघ के निर्देशानुसार बालोद जिला योगासन खेल संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय तृतीय जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रविवार 6 सितंबर 2026 को गुरु ग्रेस योगा स्टूडियो बालोद में किया गया।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों – दल्ली-राजहरा, डौंडी, सोरर, जवरतला और बासीन से लगभग 30 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग में अपने योग कौशल का शानदार प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। खेल की शुरुआत ग्राम बासीन से आए योगासन खिलाड़ियों के मनमोहक प्रदर्शन से हुई।

योगासन में सुनहरा अवसर – आशीष जायसवाल

 

आयोजन का शुभारंभ जिला सचिव आशीष जायसवाल व सदस्यों की उपस्थिति में उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। अतिथियों ने आशीर्वचन में कहा कि बालोद जिले में योगासन का यह तीसरा आयोजन है और यह खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में पूर्ण सहयोग देने की बात कही और आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी।

मुख्य अतिथि ने विजेताओं को किया पुरस्कृत

 

कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कृषि उपसंचालक आशीष चंद्राकर, विशेष अतिथि के रूप में गुरु ग्रेस योगा के संस्थापक धीरज शर्मा, बालोद जिला योगासन संघ के सचिव आशीष जायसवाल, बालाराम निषाद और ऋषभ देशमुख उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि आशीष चंद्राकर ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बालोद जिले का नाम रोशन करने के लिए उत्साहवर्धन किया।

 

निर्णायक दल और आयोजन समिति की रही सक्रिय भूमिका

 

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायक दल के रूप में ओम साहू, मोनिका साहू और दामिनी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, कोषाध्यक्ष सौरभ शर्मा, सचिव आशीष जायसवाल, सह सचिव खिलेश्वर रावटे और सदस्य धीरज शर्मा की सक्रिय भूमिका रही। आयोजक अध्यक्ष चंद्रशेखर ने सभी अतिथियों एवं निर्णायक गण का आभार प्रकट किया। उक्त जानकारी बालोद जिला योगासन संघ के सचिव आशीष जायसवाल ने दी।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!