दल्ली राजहरा
गुरुवार 21 मई 2026
भोजराम साहू 9893 765541

 

 पेट्रोल-डीजल की लगातार किल्लत और कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष रत्तीराम कोसमा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की।

विदेश नीति पर उठाए सवाल: 
ब्लॉक अध्यक्ष रत्तीराम कोसमा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की असफल विदेश नीति और कूटनीति का खामियाजा देश की जनता भुगत रही है। 28 फरवरी से अमेरिका-इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष शुरू होने के बाद वैश्विक स्तर पर तेल संकट गहराया। उस दौर में जब दुनिया के राष्ट्र अपनी अर्थव्यवस्था बचाने में लगे थे, तब प्रधानमंत्री और पूरा कैबिनेट पांच राज्यों के चुनाव में व्यस्त था।
जनता को राहत नहीं, कार्पोरेट को फायदा: 
कोसमा ने आरोप लगाया कि युद्ध शुरू होने से पहले रूस से सस्ता तेल खरीदकर जनता को राहत देने की बजाय सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़ाकर खूब कमाई की। सस्ते तेल से हुई लाखों करोड़ की कमाई का कोई हिसाब नहीं है। आज हालात ये हैं कि पेट्रोल-डीजल की कमी से उत्पादन प्रभावित हो रहा है और महंगाई बेकाबू हो गई है। 
कांग्रेस ने कहा कि संकट काल में जनता को राहत देने की बजाय सरकार लगातार दाम बढ़ाकर कमर तोड़ रही है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इसे केंद्र सरकार की नाकामी बताया। मांग की गई कि लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को ध्यान में रखते हुए बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस ली जाएं। यदि सरकार समस्या का समाधान नहीं कर सकती तो नैतिक रूप से प्रधानमंत्री को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कांग्रेस ने केंद्र की नीतियों को कार्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाला बताया और इसकी कड़ी निंदा की।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!