दल्ली राजहरा रविवार 19 जुलाई 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 दल्ली राजहरा नगर पालिका में संचालित विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक भेदभाव के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेस के आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और जनता को भ्रमित करने वाला बताया।
नियम और आवश्यकता के आधार पर हो रहा विकास”
सौरभ लुनिया ने कहा कि नगर के विकास को राजनीति का विषय बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा का स्पष्ट संकल्प है कि दल्ली राजहरा के प्रत्येक वार्ड का समान, संतुलित और पारदर्शी विकास सुनिश्चित किया जाए। 
उन्होंने बताया कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा स्वीकृत सभी विकास कार्य शासन के निर्धारित नियमों, तकनीकी मानकों तथा स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर स्वीकृत किए जाते हैं। किसी भी योजना या निर्माण कार्य में राजनीतिक विचारधारा अथवा दलगत आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता और न ही उसका उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया जाता है।

नगर पालिका द्वारा वार्डों की वास्तविक आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं का आकलन कर सड़क, सीसी रोड, नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, अधोसंरचना विकास तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं। जिन वार्डों में वर्तमान चरण में कार्य स्वीकृत हुए हैं, उनके अतिरिक्त अन्य वार्डों के प्रस्ताव भी तैयार कर शासन को भेजे जा चुके हैं, ताकि आगामी चरणों में वहाँ भी विकास कार्य प्रारंभ किए जा सकें।
 “5 करोड़ की सौगातें, जलावर्धन योजना को मिली मंजूरी ।”
भाजपा सरकार में दल्ली को मिली उपलब्धियों का जिक्र करते हुए लुनिया ने कहा कि नगर को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से इंडोर खेल स्टेडियम और बैडमिंटन कोर्ट स्वीकृत हुआ है। वर्षों से लटकी जलावर्धन योजना को भी भाजपा सरकार आते ही मंजूरी मिली है। 
इसके साथ ही 15वें वित्त आयोग तथा अधोसंरचना मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्य भी वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप कराए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी भी किसी वार्ड के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं किया, चाहे उस वार्ड का प्रतिनिधित्व किसी भी दल के जनप्रतिनिधि द्वारा किया जाता हो।
कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ लुनिया ने कहा कि जिन नेताओं के पास जनता के बीच रखने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचता, वे विकास कार्यों पर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का प्रयास करते हैं। यदि किसी वार्ड में अतिरिक्त विकास कार्यों की आवश्यकता है तो उसका समाधान प्रशासनिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, न कि निराधार आरोप लगाकर।
उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय नगर को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया। भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अनिला भेड़िया के कार्यकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। प्रदेश सरकार में मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए भी वे दल्ली राजहरा के लिए कोई ऐसी बड़ी और स्थायी विकास परियोजना नहीं ला सकीं, जिसे आज नगर की जनता याद करे। उनके कार्यकाल में नगर की कई वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याएँ जस की तस बनी रहीं।
इतना ही नहीं, पूर्व कांग्रेस शासित नगर पालिका परिषद पर भाजपा पार्षदों के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के कार्यों की उपेक्षा करने के आरोप भी लगते रहे। इसके विपरीत वर्तमान भाजपा नेतृत्व ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर केवल नगरहित को प्राथमिकता दी है।

“जनता विकास की राजनीति समझ चुकी”
अंत में सौरभ लुनिया ने कहा कि भाजपा आज दल्ली राजहरा के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। वर्षों से लंबित मांगों को पूरा करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है ताकि नगर को आधुनिक, व्यवस्थित और सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाया जा सके।
उन्होंने कांग्रेस से विकास कार्यों में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को समझ चुकी है। निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने से वास्तविकता नहीं बदलेगी। भारतीय जनता पार्टी भविष्य में भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से दल्ली राजहरा के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

 

रिपोर्ट: हमारा दल्ली निष्पक्ष समाचार चैनल
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!