दल्ली राजहरा रविवार 26 जुलाई 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

2 विक्रेता गिरफ्तार, 7.9 लीटर शराब और 300 रुपये जब्त

 

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में “मिशन नवचेतना” के तहत बालोद पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

 

अभियान के तहत 25 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कुल 17 प्रकरण दर्ज कर 17 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें 2 प्रकरण अवैध शराब बिक्री और शराब पिलाने से संबंधित हैं, जबकि शेष 15 प्रकरण सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के हैं।

महिला सहित 2 विक्रेता गिरफ्तार

 

थाना लोहारा पुलिस ने ग्राम संबलपुर में दबिश देकर आरोपी रंजीता बाई कोसर, पति स्व. धनंजय कोसर, उम्र 40 वर्ष, निवासी संबलपुर को अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा। उसके कब्जे से 02 अद्धी एवं 40 पौवा देशी प्लेन शराब कुल 7.920 बल्क लीटर और 300 रुपये की बिक्री रकम जब्त कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

 

इसी प्रकार थाना अर्जुन्दा पुलिस ने मिनीमाता चौक स्थित एक अंडा दुकान में शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में आरोपी महेश कुमार गजेन्द्र, पिता स्व. बैसाखू राम, उम्र 47 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07, कलारपारा, अर्जुन्दा के विरुद्ध धारा 36(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

 

इसके अतिरिक्त  गुंडरदेही , सुरेगांव, गुरूर, राजहरा, पुरूर, सनौद, अर्जुन्दा, बालोद एवं मंगचुवा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते पाए गए 15 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

 

जिला पुलिस की अपील

 

बालोद पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!