दल्ली राजहरा रविवार 02 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 घनश्याम सिंह गुप्त कॉलेज में सैकड़ों छात्रों ने ली शपथ, जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को दी जागरूकता की जिम्मेदारी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ शनिवार को शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालोद में बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की बुराइयों से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर युवाओं के नारों और संकल्पों से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के सीधे प्रसारण से हुई। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है और नशामुक्त युवा ही देश को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचा सकते हैं। प्रधानमंत्री के विचार सुनकर उपस्थित विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ। प्रसारण के बाद पूरे सभागार ने एक स्वर में नशामुक्त समाज बनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने दोस्तों, मोहल्ले और गांव में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाएं। नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने कहा कि बालोद को नशामुक्त बनाने के लिए जनप्रतिनिधि और युवा मिलकर काम करेंगे। पार्षद गिरिजेश गुप्ता और डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो ने भी युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा दी।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन इस अभियान को पूरे वर्ष चलाएगा और समय-समय पर सेमिनार, रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, व्याख्याता और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। सभी ने हाथ उठाकर शपथ ली कि वे नशे से दूर रहेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देंगे।

 

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एकमत से कहा कि नशा मुक्त समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा ही बालोद जिले को ही नहीं बल्कि पूरे देश को स्वर्णिम भविष्य की ओर ले जाएगी।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!