दल्ली राजहरा रविवार 09 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541 संघ ने कहा- गहरवार के कार्यकाल में राजहरा को मिली कई सौगातें, अधूरे काम नए सीजीएम से पूरी करने की उम्मीद । खदान मजदूर संघ भिलाई, संबद्ध भारतीय मजदूर संघ ने आईओसी राजहरा के मुख्य महाप्रबंधक खदान आर बी गहरवार के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने 08-08-2026 को मुख्य महाप्रबंधक से सौजन्य भेंट कर पुष्प गुच्छ भेंट किया और उनके कार्यकाल में आईओसी और राजहरा नगर के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए अभिवादन किया। खदान मजदूर संघ के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने बताया कि आर बी गहरवार ने राजहरा आईओसी में जितने भी वर्ष कार्य किया, कंपनी द्वारा दी गई हर जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ किया। उनके कार्यकाल को राजहरा के लिए विकास का दौर कहा जा सकता है। गहरवार के रहते ही राजहरा नगर को पैलेट प्लांट की सौगात मिली जो आज सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और नगर के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रहा है।संघ अध्यक्ष ने कहा कि दल्ली यंत्रीकृत खदान में उनके नेतृत्व में एस बी यू 02 प्रारंभ हुआ जो अब पूर्ण होने की स्थिति में है। इसी दौरान कलवर खदान भी चालू हुई जिससे स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के नए अवसर मिले। खदान का प्रोडक्शन बढ़ाने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। नियमित कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के साथ सामंजस्य स्थापित कर उन्होंने उत्पादन को नई ऊंचाई दी। उन्हें जो भी चैलेंज मिले, उन्होंने उन्हें पूरा किया और कभी कंपनी से कोई शिकायत नहीं की। मुश्ताक अहमद ने बताया कि आर बी गहरवार पहले भी राजहरा खदान में कार्य कर चुके थे, इसलिए उनका सभी कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से बेहतर संबंध था। इसका लाभ आईओसी को सुचारू रूप से चलाने में मिला। उनके प्रयासों से राजहरा टाउनशिप की आधी सड़कें बनकर तैयार हुईं, जो नगरवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। शेष आधी सड़कों के लिए उन्होंने भिलाई से बजट की मांग की है और जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है, ताकि टाउनशिप की सभी सड़कें बन सकें। हालांकि संघ ने नव निर्मित सड़कों में कहीं-कहीं मापदंडों के पालन न होने की शिकायत भी मुख्य महाप्रबंधक से की थी। इस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए। संघ ने बताया कि गहरवार के कार्यकाल में ही दल्ली यंत्रीकृत खदान में वाशिंग प्लांट का अप्रूवल भी हुआ। इससे खदान की आयु बढ़ेगी और नगर में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे शहर बसा रहेगा। अध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने कहा कि मुख्य महाप्रबंधक ने कई कार्य किए हैं और कुछ कार्य अभी अधूरे भी हैं। चूंकि कंपनी ने उनका स्थानांतरण भिलाई कर दिया है, इसलिए आने वाले नए मुख्य महाप्रबंधक से उम्मीद है कि वे कंपनी हित, नगर हित, कर्मचारी हित और ठेका श्रमिकों के हित में शेष कार्यों को पूरा करेंगे।अंत में संघ ने आर बी गहरवार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष मुश्ताक अहमद के साथ महेंद्र साहू, शेखर निर्मलकर, उमेश यदु, रजनीश जरयाल, शिवकुमार नायक और विशेष रूप से इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष अभय सिंह उपस्थित थे।Spread the lovePost navigationसंडे मेगा स्टोरी की 50 वीं कहानी “सांस हो रही है कम _आओ पेड़ लगाए हम” “मिशन 100 करोड़ वृक्ष” । सर्व समाज समरसता समिति दल्ली राजहरा ने कल धूमधाम से मनाया “सावन महोत्सव” ।