दल्ली राजहरा बुधवार 26 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 माधुरी रथ (महामंत्री आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका छत्तीसगढ़ संघ ) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी में सुपरवाइजर के 50 पदों पर प्रस्तावित सीधी भर्ती को लेकर भारी आक्रोश है। संघ ने संयुक्त सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर को ज्ञापन सौंपकर इन सभी पदों को सीधी भर्ती के बजाय पदोन्नति के माध्यम से भरने की मांग की है।
माधुरी रथ ने बताया कि प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं विगत कई वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित कर रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभागीय कार्यों का दीर्घ अनुभव एवं योजनाओं की पूर्ण जानकारी है। ऐसी स्थिति में सुपरवाइजर के रिक्त / प्रस्तावित पदों में से 50 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाने की प्रस्तावित प्रक्रिया का संगठन पुरजोर विरोध करता है।

संघ की 5 प्रमुख मांगें –

 

1. सुपरवाइजर के पदों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित पदोन्नति कोटे का पूर्ण पालन किया जाए।
2. प्रस्तावित 50 पदों को सीधी भर्ती से भरने के स्थान पर पात्र एवं अनुभवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से पदोन्नति द्वारा भरा जाए।
3. लंबे समय से विभाग में सेवाएं दे रही पात्र कार्यकर्ताओं की वरिष्ठता, अनुभव एवं सेवा अवधि को प्राथमिकता दी जाए।
4. पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए तथा पात्र कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से पदोन्नति के अवसर से वंचित न किया जाए।
5. यदि विभाग में सुपरवाइजर के पद रिक्त हैं तो पहले विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण की जाए, उसके बाद ही शेष पदों के संबंध में कोई निर्णय लिया जाए।

संघ ने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक विभाग के साथ कार्य करते हुए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय इस सेवा में दिया है। उनके अनुभव एवं योग्यता का सम्मान करते हुए उन्हें पदोन्नति का अवसर देना विभाग एवं शासन की सकारात्मक पहल होगी।

 

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए आगे की आंदोलनात्मक कार्यवाही करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विभाग की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर, संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर को भी प्रेषित की गई है।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में बड़े निर्णय, नई नियुक्तियां

 

वहीं दिनांक 23 अगस्त 2026 को आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, पदाधिकारियों की जिम्मेदारी, प्रमुख मांगों तथा आगामी आंदोलन एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा कर सर्वसम्मति से आवश्यक निर्णय लिए गए।

 

बैठक में सुमन मति केराम – प्रदेश अध्यक्ष, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ अंजनी पटेल – प्रदेश संयुक्त महामंत्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ और मुश्ताक अहमद अंसारी जिला बालोद – दुर्ग संभाग प्रभारी के उपस्थिति में बैठक संपन्न हुआ ।

बैठक में प्रमुख निर्णय इस प्रकार रहे –

 

1. प्रदेश में सदस्यता अभियान को तेज करते हुए जिला, परियोजना एवं सेक्टर स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा।
2. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की मानदेय, पदोन्नति, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य लंबित मांगों को प्राथमिकता से शासन के समक्ष रखा जाएगा।
3. कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति में उचित अवसर दिलाने हेतु प्रभावी पहल की जाएगी।
4. 1 अक्टूबर को प्रस्तावित विशाल धरना को सफल बनाने के लिए सभी जिलों एवं संभागों को आवश्यक जिम्मेदारी दी गई।
5. शासन एवं विभाग के समक्ष ज्ञापन एवं प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से लंबित मांगों को मजबूती से उठाने का निर्णय लिया गया।
6. सभी जिला एवं संभाग पदाधिकारी आपसी समन्वय एवं संगठनात्मक अनुशासन के साथ कार्य करेंगे।
7. आगामी बैठकों, आंदोलनों एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी प्रदेश स्तर से निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने संगठन की एकता, अनुशासन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। यह नियुक्ति एवं बैठक के निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू माने जाएंगे।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!