दल्ली राजहरा मंगलवार 22 सितम्बर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 जिले के भोले-भाले किसानों को बाजार भाव से अधिक दाम का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को सनौद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने 19 किसानों से धान तो खरीद लिया, लेकिन 21 लाख 37 हजार रुपये का भुगतान किए बिना फरार हो गया था।

 

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंह सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस ठग को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
यह है पूरा मामला

थाना सनौद में प्रार्थी कन्हैया लाल साहू निवासी ग्राम बोहरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन पिता सुशील जैन उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम नांहदा थाना देवरी जिला बालोद ने ग्राम बोहरा, डोटोपार सहित आसपास के किसानों को झांसे में लिया। आरोपी ने किसानों को कहा कि वह बाजार भाव से अधिक दर पर उनका धान खरीदेगा और 1 से 2 दिन के भीतर ही पूरा पैसा नगद भुगतान कर देगा।

आरोपी की मीठी-मीठी बातों पर भरोसा कर कुल 19 किसानों ने अपना कीमती धान उसे दे दिया। धान लेने के बाद आरोपी ने भुगतान करने में आनाकानी शुरू कर दी और फिर फरार हो गया। किसानों द्वारा लगातार पैसा मांगने पर भी जब भुगतान नहीं हुआ, तब ठगी का एहसास होने पर किसानों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 80/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

राजनांदगांव के घुमका से पकड़ाया आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू की और मुखबिर की सूचना पर ग्राम घुमका जिला राजनांदगांव से आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन को गिरफ्तार किया। आरोपी को दिनांक 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है।

 

पुलिस द्वारा किसानों के कथन, धान खरीदी एवं भुगतान से संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार साहू, आरक्षक दमन वर्मा, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद, आरक्षक टिकेंद्र कुमार सोरी, आरक्षक गोविंद साहू, साइबर सेल प्रभारी श्री धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम एवं आरक्षक मिथलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

बालोद पुलिस की अपील
बालोद पुलिस ने किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि फसल अथवा अन्य कृषि उपज की बिक्री करते समय खरीदार की पहचान, भुगतान की शर्तों एवं लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की उचित जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को दें।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!