दल्ली राजहरा शनिवार 17 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 

बंगाली समाज के सार्वजनिक दुर्गा उत्सव का 68वां वर्ष, 2026

 

 बंगाली समाज के तत्वावधान में आयोजित सार्वजनिक दुर्गा उत्सव के 68वें वर्ष का शानदार आगाज आज बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ। नवरात्रि की क्वार षष्ठी से प्रारंभ होने वाले इस बहुप्रतीक्षित दुर्गा पूजा का सिर्फ बंगाली समाज ही नहीं बल्कि पूरे दल्ली राजहरा को इंतजार रहता है, क्योंकि यह आयोजन शहर के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन है।

 

बंगाली समाज द्वारा 68 वर्ष पूर्व 1956 से आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में पूरे शहर की सहभागिता देखने को मिलती है।

भव्य शुभारंभ, अतिथियों ने किया मंदिर का उद्घाटन

 

 आयोजन की मुख्य अतिथि रेनू सिंह, अध्यक्ष राजहरा महिला समाज दल्ली राजहरा थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुकांतो मंडल, कार्यकारणी अध्यक्ष सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति ने की। विशेष अतिथि के रूप में श्री राम अग्रवाल, सीईओ जगन्नाथ स्टील प्लांट, संध्या सिंह श्रीवास्तव न्यायाधीश, डॉ अशोक ठाकुर संचालक ज्योति अस्पताल और जी व्ही राजशेखर राव प्राचार्य डी ए व्ही इस्पात स्कूल उपस्थित रहे।

 

 

आयोजन में संरक्षक गगन चंद्र पांड्या, संरक्षक डॉ शैवाल जाना, संरक्षक कनक बनर्जी, उपाध्यक्ष गौतम बेरा, कोषाध्यक्ष गौतम बोस, किशोर मायती,अग्रगामी महिला बंगाली समाज की अध्यक्ष पूरोबी वर्मा उपाध्यक्ष रीना पण्ड्या कोषाध्यक्ष संगीता बेरा एवं मिट्ठू करपा विशेष रूप से उपस्थित थीं।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम बंग समाज की परंपरा के अनुसार अतिथियों द्वारा फीता काटकर मंदिर का उद्घाटन किया गया। फूलों से सजी रंगोली के बीच स्थापित कलश पर सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया एवं माता के चेहरे से अनावरण किया गया और अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना कर शहर की सुख-समृद्धि एवं समाज के सुख की कामना की गई। सभी अतिथियों एवं बंगाली समाज द्वारा मां को श्रीफल अर्पित कर नारियल फोड़ा गया।

 

 

इस अवसर पर क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग, जिला भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ लूनिया, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष तोरण लाल साहू , पूर्व विधायक डोमेन भेड़िया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रतिराम कोसमा एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रवि जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मां अंबे के दर्शन करने पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। बंगाली समाज द्वारा सांसद भोजराज नाग को श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया गया।

 

तीन दिन तक होंगे सांस्कृतिक आयोजन

बंगाली समाज द्वारा इस आयोजन के तहत सप्तमी को संध्या 7:30 बजे गलीचा डांस का आयोजन किया गया है। 18 अक्टूबर सप्तमी के दूसरे दिन बंगाली महिलाओं द्वारा बांग्ला नित्य का आयोजन होगा। अष्टमी 19 अक्टूबर को भिलाई के सुप्रसिद्ध आर्केस्ट्रा का आयोजन होगा तथा नवमी 20 अक्टूबर को बंगाली समाज के कलाकारों द्वारा कराओ के गीत कार्यक्रम का आयोजन होगा। 21 अक्टूबर को मां की मूर्ति का विसर्जन होगा।

तीन दिन तक होता है बहु प्रतीक्षित विशाल भंडारा

 

 सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति में मां की स्थापना के बाद सप्तमी तिथि से विशाल भंडारा का आयोजन दोपहर में किया जाता है जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु गण इस भंडारा में प्रसाद ग्रहण करते हैं विगत कई वर्षों से भंडारा प्रभारी एच सी सरकार,सहयोगी अर्जित मंडल एवं मंडल दादा के द्वारा बड़े ही बेहतरीन ढंग से आयोजन संपन्न कराया जाता रहा है ।
68 साल का ऐतिहासिक सफर

राजहरा में बंगाली समाज द्वारा दुर्गा पूजा की स्थापना को 68 वर्ष हो गए हैं। जब राजहरा में खदान की स्थापना हुई तब विभिन्न प्रांतों से लोग यहां कार्य करने आए थे। उस समय क्रशिंग प्लांट में कार्य करने के लिए बंगाल से 24 लड़के आए थे। बंगाल में नवरात्रि में मां दुर्गा और दीपावली में मां काली की उपासना बड़े श्रद्धा भाव से की जाती है।

जब वे राजहरा आए तो नवरात्रि में बंगाल जाना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने सोचा क्यों न अपनी संस्कृति और विरासत को यहीं स्थापित किया जाए। उन्होंने मां दुर्गा की स्थापना एमआर शॉप से शुरू की, उसके बाद श्री रवींद्र ग्रंथालय का निर्माण हुआ और सामने मैदान में मां दुर्गा की स्थापना प्रारंभ हुई जो 68 साल से लगातार चल रही है। यह सिर्फ बंगाली समाज का ही नहीं बल्कि हर समाज, हर वर्ग का दुर्गा उत्सव बन गया है।
बंगाली समाज के कई लोग जो नौकरी से रिटायरमेंट के बाद भिलाई या वापस बंगाल चले गए, वे भी नवरात्रि में मां दुर्गा के दर्शन के लिए दल्ली राजहरा अवश्य आते हैं। पहले दुर्गा विसर्जन के बाद जात्रा का कार्यक्रम होता था जो बहुत ही बेहतरीन आयोजन हुआ करता था।

बीएसपी और नगरवासियों का मिलता रहा सहयोग

 

68 साल के सफर के बारे में समिति के सदस्यों ने बताया कि आयोजन में कोई बहुत बड़ी समस्या नहीं आई। थोड़ा बहुत तो चलता ही रहता है, फिर भी पूरे नगरवासी इस आयोजन में तन-मन-धन से सहयोग करते हैं। गौतम बेरा, पूरोबी वर्मा द्वारा दुर्गा पूजा को विशेष बनाने में बड़ा योगदान दिया गया। बीएसपी प्रशासन द्वारा हमेशा सहयोग मिलता रहा है। बीएसपी के जो भी अधिकारी राजहरा खदान समूह के जिम्मेदार बने सभी ने दिल खोलकर सार्वजनिक दुर्गा पूजा उत्सव में सहयोग किया। वर्तमान में अध्यक्ष सुकांतो मंडल द्वारा कार्यक्रम को बेहतरीन बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

रवींद्र ग्रंथालय की दयनीय स्थिति पर जताई चिंता

 

एक दुखद बात यह है कि 1968 में स्थापित श्री रवींद्र ग्रंथालय भवन की स्थिति आज दयनीय हो गई है। 2008 से कई जगह प्रयास किए गए, शासकीय मदद की भी गुहार लगाई गई लेकिन अब तक कहीं से भी सहयोग नहीं मिल पाया है।

 

 और भी है  अविस्मरणीय पल

 

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!