दल्ली राजहरा गुरुवार 29 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

बौद्ध विरासत संरक्षण संघ जिला बालोद के तत्वावधान में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर पहली बार राज्य स्तरीय बौद्ध धम्म महोत्सव का आयोजन धम्मभूमि गौरैय्या चौरेल जिला बालोद की पावन भूमि में बड़े ही धम्ममय वातावरण में संपन्न हुआ।

 

ग्राम चौरेल पुरातात्विक धरोहर के रूप में जिला व आसपास के क्षेत्र में प्रसिद्ध है। तांदुला नदी के संगम स्थल पर यह ऐतिहासिक धरोहर विद्यमान है। कालांतर में यहां बौद्ध विरासत फलती-फूलती रही। वीरान स्थल होने के कारण यहां बौद्ध भिक्षुओं का डेरा था, जिन्होंने तथागत बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की थी। समीप में एक बावली है जिसकी सफाई के दौरान अनेकों स्तंभ, विखंडित मूर्तियों के अवशेष प्राप्त हुए जो दर्शनीय हैं। यहां खुदाई से प्राप्त छोटे बुद्ध प्रतिमा के दर्शन अनायास ही हो जाते हैं। यहां पूर्वजों ने एक बुद्ध विहार का निर्माण करके खुदाई से प्राप्त बुद्ध प्रतिमाओं को स्थापित किया था। परिसर में सभी धर्मावलंबियों के देवी देवताओं के मंदिर स्थापित हैं। ग्राम चौरेल वासियों ने धम्म चक्र अंकित प्राचीन स्तंभ को एक चौक में स्थापित कर बुद्ध देव चौक की स्थापना भी की है।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में पूज्य भंते श्रद्धेय डॉ. शील रत्न बोधि जी एवं भिक्खु संघ की अगुवाई में रैली के माध्यम से नगर भ्रमण करते हुए बुद्धदेव चौक जाकर वंदना की गई। रैली आयोजित स्थल पर वापस आने के बाद भिक्खु संघ को मंचस्थ किया गया तथा पूज्य भंते जी के चरणों में पुष्प अर्पित करते हुए धम्मोपदेश की याचना की गई। पूज्य भंते जी ने सर्वप्रथम त्रिशरण पंचशील ग्रहण करवाया तत्पश्चात धम्मदेशना के माध्यम से दुख मुक्ति का मार्ग चार आर्य सत्य, आर्य अष्टांगिक मार्ग का विस्तृत वर्णन करते हुए उसके महत्व को बताया। साथ ही दान पारमिता के रूप में चिवरदान के महत्व को समझाया। अंत में सभी प्राणियों के सुख व कल्याण के लिए मंगल मैत्री कराई गई जिससे गौरैया धाम का परिसर धम्ममय हो गया। धम्म देशना के पश्चात चिवरदान दिया गया। पूज्य भंते जी धम्मालैंड, दी रॉयल मोना स्टिक स्कूल, बिरबिरा सिरपुर जिला महासमुन्द के फाउंडर प्रेसिडेंट हैं और अपने भिक्खु संघ के साथ उपस्थित हुए थे।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में मुख्य अतिथि गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुंवर सिंह निषाद जी थे। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय बौद्ध महासभा के ट्रस्टी एस.आर. कांडे जी, भारतीय बौद्ध महासभा की उपाध्यक्ष पालनहार मेश्राम एवं प्रज्ञा कांडे, कानूनी सलाहकार संजय बेंद्रे जी, भारतीय बौद्ध महासभा के जिला अध्यक्षों में दिलीप मेश्राम, वर्षा बागडे, दीपक वैदे, पूर्व जिला अध्यक्ष तुलसीराम खोबरागड़े वामन वानखेड़े, सरपंच ग्राम चौरेल पूजा यादव जी, अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य जी, नगर पंचायत चौकी के पूर्व उपाध्यक्ष रितेश मेश्राम जी तथा बालोद नगर के शिशु रोग विशेषज्ञ ए.व्ही. महेश्वर जी आदि उपस्थित थे। मंचस्थ समस्त अतिथियों का फूल मालाओं एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत सत्कार किया गया।

 

राष्ट्रीय ट्रस्टी कांडे जी ने पूर्व तहसील समिति बालोद के छगनलाल महेश्वर, रामेश्वर दहीवेले, नत्थूराम महेश्वरी, झाड़ू राम सुखदेव, देवलाल बोरकर आदि अनेकों कर्मठ एवं जुझारू पदाधिकारियों को नमन करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की। मंचस्थ समस्त अतिथियों ने अपने-अपने उद्बोधन में आयोजित कार्यक्रम की सराहना की तथा समिति को धन्यवाद दिया।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर जी ने हमें समता, स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय से परिपूर्ण एक ऐसा संविधान दिया जिसकी बदौलत आज मैं विधायक बन पाया हूं, मैं हमेशा बाबा साहेब अम्बेडकर का ऋणी रहूंगा और उसके बताए हुए मार्ग का अनुसरण करता रहूंगा। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की एक महत्वपूर्ण घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वर्षों पूर्व अर्जुंदा में भीम ज्योति आई थी उस भीम ज्योति की अगुवाई मैंने की थी तथा पूरे अर्जुंदा नगर में बौद्ध समुदाय के साथ नगर भ्रमण किया था। उन्होंने कहा कि मैं भी बाबा साहेब का एक सिपाही हूं, मुझे जब भी बौद्ध समुदाय याद करेंगे मैं सेवा में उपस्थित रहूंगा।

 

उद्बोधन के पश्चात समस्त अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। साथ ही पूर्व तहसील समिति के कर्मठ कार्यकर्ताओं को जो आज हमारे बीच नहीं है, उनको विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए उनके नाम से उनके वारिसों को मोमेंटो, पुष्पहार एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत सत्कार करते हुए सम्मानित किया गया। साथ ही बालोद जिले के समस्त परीक्षेत्रीय पदाधिकारी तथा अन्य कर्मठ कार्यकर्ताओं को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने निस्वार्थ भावनाओं के साथ इस कार्यक्रम को सफलता प्रदान करने में अपनी अहम भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में अम्बेडकरवादी पुनेश्वर देवांगन जी एवं घनश्याम रात्रे जी का भी तथागत बुद्ध के उपदेश नामक पुस्तक भेंट करके स्वागत किया गया।

 

इस कार्यक्रम में आयुष्मान नागेंद्र कमड़े जी ने सफल संचालन किया। स्वागत भाषण संघ के अध्यक्ष प्रवीण लोंहारे जी ने दिया। धन्यवाद ज्ञापन हरमीत लेनपांडे जी तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा संघ के सचिव गुंजन रामटेक ने किया। इस कार्यक्रम में डी.पी. लोनहारे, अनिल खोबरागड़े, जय नंदा जी, चंद्र कुमार बारसागढे, प्यारे बोरकर, सुनील रंगारे, देवेन्द्र मेश्राम, सतीश वैदे, संगीता बोरकर, रत्ना मेश्राम, नीता कमल, ज्योत्सना मेश्राम, चंद्र शीला बामबेशवर एवं अन्य सभी का विशेष सहयोग रहा।

 

इस कार्यक्रम में बालोद जिले के बौद्ध अनुयायियों के साथ ही जिला कांकेर, मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी, धमतरी, रायपुर, दुर्ग, राजनंदगांव तथा अन्य दूरस्थ स्थान से हजारों की संख्या में बौद्ध उपासक उपासिकाएं आकर अपनी उपस्थिति दी एवं कार्यक्रम की सफलता में अपनी सहभागिता प्रदान की। संघ ने समस्त उपस्थित उपासक उपासिकाओं को धन्यवाद दिया और अपेक्षा की कि आने वाले वर्षों में इसी प्रकार से सहयोग मिलता रहेगा।

 

यह जानकारी मीडिया प्रभारी संजय सावलकर जी, बौद्ध विरासत संरक्षण संघ गौरैय्या चौरेल ने दी।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!