कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध

नवरात्रि में नारी चेतना की गूंज: शहीद अस्पताल के नुक्कड़ नाटक ने उठाए महिला उत्पीड़न और भेदभाव के सवाल

दल्ली राजहरा रविवार 25 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

नवरात्रि के अवसर पर शहीद अस्पताल द्वारा दल्लीराजहरा के विभिन्न दुर्गा पंडालों में ‘नारी चेतना’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। गांधी चौक, पंडरदल्ली, वार्ड क्रमांक 17, श्रमिक संघ दुर्गा समिति और पुराना बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तुत इस नाटक में महिला उत्पीड़न, भेदभाव और असमानता जैसे मुद्दों को उठाया गया।
नाटक में स्त्रीभ्रूण हत्या, लैंगिक भेदभाव, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा तथा शिक्षण संस्थानों और सरकारी तंत्र में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को प्रस्तुत किया गया। लड़कियों और महिलाओं को जीवन के विभिन्न पड़ावों पर झेलनी पड़ने वाली हिंसा, सामाजिक दबाव और असमानता का चित्रण किया गया।
नाटक का मुख्य संदेश यह था कि नवरात्रि में देवी के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है, लेकिन सामान्य जीवन में महिलाओं को समान अधिकार, सम्मान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करना पड़ता है। नारी शक्ति की सच्ची आराधना केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने में है।

शहीद अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जना के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। अस्पताल की ट्रेनिंग सिस्टर्स ने इस प्रस्तुति में सक्रिय भागीदारी निभाई।

 

नाटक में लिलेश्वरी, सुष्मिता, मनीषा, ऐश्वर्या, हेमलता, प्रिया, रागिनी, अनूपा, उमेश्वरी, पुष्पा, साफिया, ग्रेसी, देवयानी, प्राप्ती, आरती, पायल, अंजली, रोशनी और वर्षा ने अभिनय किया। बैकस्टेज एवं टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी डॉ. प्रिया ने संभाली, जबकि इवेंट मैनेजमेंट साक्षी ने किया। नाटक का लेखन एवं निर्देशन डॉ. वेदकुमार ने किया।

शहीद अस्पताल ने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करना केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है, समाज में व्याप्त असमानताओं और अन्याय के प्रति जागरूकता पैदा करना भी स्वस्थ समाज के निर्माण का हिस्सा है। विभिन्न दुर्गा पंडालों में दर्शकों ने नाटक की सराहना की।

 

Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!