कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध

कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की मांग ने पकड़ा जोर, संजय बैस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को सौंपा मांग पत्र ।

 दल्ली राजहरा सोमवार 23 नवम्बर 2026 भोजराम साहू 9893765541

 

    “कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल”

 

 क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर पूर्व जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता संजय बैस के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज डौंडी-लोहारा आगमन पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चेमन देशमुख ने भी मंत्री के समक्ष इस महत्वपूर्ण मांग को प्रमुखता से रखते हुए कुसुमकसा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अस्पताल की आवश्यकता से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि कुसुमकसा एवं आसपास के लगभग 25 से 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित एवं अत्यंत आवश्यक मांग है।

 

 

“18 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी, अब अस्पताल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की स्वीकृति की मांग”

 

प्रतिनिधिमंडल ने अपने मांग पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया कि कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल के संचालन की दिशा में पूर्व में ही 18 पदों पर चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की भर्ती के लिए निविदा प्रक्रिया जारी की जा चुकी है। वहीं मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा पूर्व में कंगलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अस्पताल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की गई थी।

इसी घोषणा के अनुरूप प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री जी से कुसुमकसा में अस्पताल भवन निर्माण हेतु 75 लाख रुपये की राशि शीघ्र स्वीकृत कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने तथा अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा उपकरण, जांच सुविधाएं एवं अन्य मूलभूत संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल की बातों को मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत कराने की दिशा में सकारात्मक आश्वासन दिया।

 

इस अवसर पर संजय बैस ने कहा कि कुसुमकसा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। अस्पताल की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की अपेक्षा रही है। पूर्व में 18 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होना एक महत्वपूर्ण कदम है। अब अस्पताल भवन निर्माण के लिए राशि की स्वीकृति एवं शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराना हमारा प्रयास है। उन्होंने मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चेमन देशमुख के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके सकारात्मक प्रयासों से क्षेत्र को जल्द ही 20 बिस्तरीय अस्पताल की सौगात मिलेगी।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुसुमकसा उपसरपंच नितिन जैन, पूर्व सरपंच शिवराम सिद्धारमे, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस, कमलकांत साहू, देवराज जैन, मोती कुचेरिया, गौरीशंकर साहू, हितेश गुप्ता, योगी साहू, डॉ. नसीम खान, समीम खान, अहमद बेग सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

कुसुमकसा में 20 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना से न केवल कुसुमकसा, बल्कि आसपास के 25 से 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!