
दल्ली राजहरा शनिवार 21 नवंबर 2026 भोजराम साहू 9893765541
गायन, वादन, नृत्य, चित्रकला और रंगोली में दिखा हुनर, विजेता विद्यार्थी 23 नवंबर को जिला स्तरीय कला उत्सव में लेंगे भाग
स्कूल शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को पहचानने और शिक्षा में कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कला उत्सव कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तरीय कला उत्सव का भव्य आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, दल्ली राजहरा में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने गायन, वादन, नृत्य, चित्रकला, मूर्तिकला, पेंटिंग एवं रंगोली जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

कला ही सर्वांगीण विकास का माध्यम: बीईओ
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि कला उत्सव राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। संगीत, नृत्य, गायन, वादन, चित्रकला और हस्तकला जैसी गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच विकसित करती हैं।

उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों की कला एवं संस्कृति की प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करें, ताकि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

कला संस्कृति की सशक्त अभिव्यक्ति है
नोडल अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक सुनील कुमार तारम तथा महेश कुमार गोरे, प्राचार्य सेजेस नया बाजार राजहरा ने कहा कि कला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, सभ्यता, परंपरा और भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से विद्यार्थी अपनी कल्पनाओं को साकार रूप देते हैं और अपनी अलग पहचान बनाते हैं। प्रत्येक बच्चे के अंदर प्रतिभा छुपी होती है, ऐसे कार्यक्रमों से ही वह छुपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक नोडल अधिकारी मोना रावत एवं साक्षी देवांगन ने किया।
विजेताओं की सूची
संगीत
– गायन: ईश्वर कुमार (बिटाल), जिया (गुजरा)
– वादन: विवेक कुमार (गुजरा)

नृत्य
– शास्त्रीय नृत्य एकल: नोहर लाल (कुआंगोंदी), स्नेहल पांडे (डीएवी राजहरा)
– सामूहिक लोक नृत्य: चांदनी एवं साथी (गुजरा)
दृश्य कला
– द्विआयामी चित्रकला: नीरज कुमार (गुजरा), नम्रता (पथराटोला)
– त्रिआयामी मूर्तिकला:मुरलीधर (नर्राटोला)
– रंगोली: रेशमा (साल्हे)

ये सभी चयनित प्रतिभागी 23 नवंबर को होने वाले जिला स्तरीय कला उत्सव में भाग लेंगे।
सफल आयोजन में रहा इनका योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लॉक कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर राजेश मेश्राम, पंजीयन प्रभारी तनुजा बंजारे, ज्योति विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।
निर्णायक के रूप में संगीत में प्रधुमन हिरवानी, माधोराम, राजेश कश्यप, नृत्य में गजेंद्र रावटे, खुशबू साहू तथा दृश्य कला में शिल्पी राय, राकेश गौर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




