
दल्ली राजहरा शनिवार 21 नवंबर 2026 भोजराम साहू 9893765541
वन ग्राम हितापठार एवं मरकामटोला में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 100 हितग्राहियों को मिला लाभ ।

केंद्र एवं राज्य शासन के संयुक्त प्रयास से संचालित राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत बालोद जिले के दूरस्थ, दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। इस मिशन के अंतर्गत आयुष मोबाइल मेडिकल यूनिट, वयोमित्र, आयुर्विद्या, सुप्रजा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

इसी क्रम में शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, दल्ली राजहरा के माध्यम से संचालित आयुष मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा ग्राम हितापठार एवं मरकामटोला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।
इस इकाई का संचालन वर्ष 2024 से शासकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, दल्ली राजहरा के माध्यम से किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण, दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जहां 5 किलोमीटर के दायरे में कोई नियमित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है।

मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण आयुष ओपीडी सेवाएं, स्वास्थ्य परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता, मूलभूत स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क औषधि वितरण एवं आवश्यकतानुसार रेफरल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
वर्ष 2024 से अब तक बालोद जिले के लगभग 24 दूरस्थ गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों को लाभान्वित किया जा चुका है। इस पहल से ऐसे क्षेत्रों के लोगों को उनके गांव के समीप ही स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिल रही है, जिन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

इसी क्रम में दिनांक 17 नवंबर 2026 को ग्राम हितापठार एवं 18 नवंबर 2026 को ग्राम मरकामटोला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही रक्तचाप (BP), रक्त शर्करा (Blood Sugar) एवं ऑक्सीजन संतृप्ति (SpO₂) की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने गांव में ही निःशुल्क जांच एवं दवा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। दोनों शिविरों के माध्यम से कुल 100 हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

शिविर में इनका रहा विशेष योगदान
शिविर को सफल बनाने में चिकित्सकों एवं टीम सदस्यों का विशेष योगदान रहा।डॉ. एंजिल आभा कुजूर डॉ. वर्षा डॉ. पूनमचंद सोनकर शीतल चुरेंद्र राधिका नेताम और गौकरण चतुर्वेदी ।



