कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध

थाना सनौद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, ओडिशा से चल रहे गांजा तस्करी के खेल का हुआ पर्दाफाश 4 आरोपी के साथ 85.72 लाख का माल जप्त..।

  दल्ली राजहरा सोमवार 23 नवम्बर 2026 भोज राम साहू 9893765541

 

बालोद जिले के छोटे से गांव अरकार से शुरू हुई एक छोटी सी सूचना, आखिर में जाकर ओडिशा तक फैले गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क तक पहुंच गई। और इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया थाना सनौद पुलिस और ANTF टीम ने।
बात 21 नवंबर की है। मुखबिर से पुलिस को खबर मिली कि ग्राम अरकार का रहने वाला भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर बेच रहा है। पुलिस ने देर नहीं की। गवाहों को साथ लिया और गांव पहुंच गई। घर की तलाशी हुई तो दो पैकेट और पुड़िया में रखा 1.995 किलो गांजा बरामद हो गया। भीषम को वहीं गिरफ्तार कर लिया गया।

 

लेकिन पुलिस यहीं नहीं रुकी। पुलिस को शक था कि ये गांजा आखिर आया कहां से? जब भीषम से बारीकी से पूछताछ हुई तो उसने एक नाम लिया, कामता प्रसाद कोसरे का। बोला, गांजा उसी से खरीदा था।
बस, यहीं से कहानी ने नया मोड़ लिया। पुलिस कामता प्रसाद तक पहुंची। पहले तो वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्त पूछताछ में उसने सारा राज खोल दिया। उसने बताया कि पिछले करीब एक साल से ग्राम खप्परवाड़ा के दो सगे भाई ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल उसके गांव आकर गांजा बेचते थे। उसी से खरीदकर वह भीषम को बेचता था।

 

पुलिस की टीम अब खप्परवाड़ा पहुंची। गांव के बाहर घेराबंदी की गई और दोनों भाइयों को पकड़ लिया गया। घर की तलाशी हुई तो पुलिस भी हैरान रह गई। लोहे की पेटी और दीवान के अंदर छिपाकर रखे 134 पैकेटों में 136.56 किलो गांजा भरा हुआ था।

पूछताछ में दोनों भाइयों ने अपनी पूरी कहानी सुना दी। साल 2023 में उन्होंने खेती छोड़कर महिंद्रा पिकअप खरीदा था। सोचा था किराये पर चलाकर कमाएंगे। कोलकाता, बनारस गए, फिर भिलाई फल मंडी में गाड़ी लगा दी। फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने लगे। वहीं से लालच ने उन्हें गलत रास्ते पर धकेल दिया।

 

पहले थोड़ा-थोड़ा, फिर एक बार में 10 से 20 किलो गांजा ओडिशा के बालीगुड़ा से लाने लगे। घर में छिपाकर रखते और धीरे-धीरे खपाते। उन्हें लगा था कि कोई पकड़ नहीं पाएगा, लेकिन पुलिस की एक छोटी सी सूचना ने पूरा नेटवर्क ध्वस्त कर दिया।

इस पूरे मामले में पुलिस ने कुल 138.551 किलो गांजा जप्त किया है, जिसकी कीमत करीब 69 लाख रुपये है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, 4 मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नगद भी जप्त किए गए हैं। कुल जप्ती 85 लाख 72 हजार रुपये से ज्यादा की है।

 

यह बड़ी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और डीएसपी विनय साहू के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सोनसिंग सोरी सहित पूरी टीम और सायबर सेल की भूमिका सराहनीय रही।

बालोद पुलिस ने साफ कहा है कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसा अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।

 

बालोद पुलिस – सुरक्षा, सेवा एवं विश्वास।

 

 

 

Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!